'बाबा मेरे बेडरूम में चमगादड़ बनकर लटके थे', कंगना रनौत रामदेव पर फिर भडकीं, सनातनी होने पर भी उठा दिया सवाल
kangana Ranaut Baba Ramdev: कंगना रनौत और बाबा रामदेव के बीच शुरू हुआ विवाद अब निजी टिप्पणियों तक पहुंच गया है। मामला कंगना के उस बयान से शुरू हुआ था, जिसमें उन्होंने Gen Z के कुछ प्रदर्शनकारियों को लेकर 'गटर जेनरेशन' जैसी टिप्पणी की थी। इस पर बाबा रामदेव ने कंगना की निजी जिंदगी और उनके पुराने समय को लेकर सवाल खड़े किए। अब कंगना ने पलटवार करते हुए रामदेव से पूछा है कि आखिर उन्होंने उनकी जवानी के बारे में क्या देखा है। उन्हें क्या पता है कि बचपन के बारे में।
अब कंगना रनौत ने डीडी न्यूज को दिए इंटरव्यू में गुरु बाबा रामदेव पर फिर निशाना साधा है। कंगना से जब पूछा गया कि बाबा रामदेव तो सनातनी हैं फिर वो कैसे आपके विरोध में आ गए। इसपर कंगना ने कहा कि उनका काम 'मेरे पर्सनल जिंदगी पर कमेंट करना है।'

'क्या बाबा रामदेव मेरे बेडरूम में चमगादड़ बनकर लटके थे?'
कंगना ने डीडी न्यूज को दिए इंटरव्यू में रामदेव के इसी कमेंट पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि किसी को उनकी जवानी और निजी जिंदगी के बारे में इस तरह टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। कंगना ने कहा,
"रामदेव मेरे बेडरूम में चमगादड़ बनकर लटके हुए थे क्या? उन्होंने मेरी जवानी में क्या देखा था? अगर उन्होंने कुछ देखा है तो बताना चाहिए। इस तरह की निजी बातें करना उन्हें शोभा नहीं देता।"
कंगना ने यह भी कहा कि उनका बचपन और जवानी बाकी लड़कियों की तरह रही है। उन्होंने अपनी जिंदगी में कुछ रिश्ते होने की बात स्वीकार की और कहा कि यह कोई छिपी हुई बात नहीं है। लेकिन उनके मुताबिक, इसका मतलब यह नहीं कि कोई उनकी निजी जिंदगी को लेकर टिप्पणी करे।
कंगना ने रामदेव के बिजनेस पर भी उठाए सवाल
कंगना का हमला सिर्फ निजी टिप्पणी तक नहीं रुका। उन्होंने बाबा रामदेव के कारोबार और उनकी 'स्वदेशी' छवि पर भी सवाल उठाए। कंगना ने कहा कि रामदेव के स्वदेशी अभियान के शुरुआती दौर में सरकार की तरफ से भी समर्थन मिला था। लेकिन अब उन्हें लगता है कि रामदेव का फोकस काफी हद तक बिजनेस की तरफ चला गया है।
उन्होंने आयुर्वेद, योग और भारतीय परंपरा से जुड़े उनके पुराने काम का जिक्र करते हुए कहा कि अब उनका कारोबार कपड़ों और दूसरे रोजमर्रा के उत्पादों तक पहुंच गया है। कंगना ने इसे पूंजीवाद और सनातनी विचारधारा के बीच टकराव के तौर पर पेश किया।
कंगना ने यह भी साफ किया कि उन्हें किसी के बिजनेसमैन बनने से दिक्कत नहीं है। उनका सवाल कुछ और है। उन्होंने कहा कि अगर कोई पूरी तरह कारोबार करता है तो इसमें कोई बुराई नहीं है। लेकिन फिर उसे अपनी धार्मिक पहचान और सार्वजनिक छवि के साथ भी ईमानदार रहना चाहिए।
कंगना ने सवाल उठाया कि कपड़े और अंडरगारमेंट बेचने वाले कारोबार में 'सनातनी' पहचान का दावा कैसे जोड़ा जाता है। उन्होंने रामदेव पर ढोंग और पाखंड का आरोप भी लगाया। उनके मुताबिक, अगर सनातन के नाम पर काम करने वाला कोई व्यक्ति हिंदुओं को ही शर्मिंदा करे तो इसका विरोध होना स्वाभाविक है।
क्या है कंगना-रामदेव का पूरा विवाद?
विवाद की शुरुआत कंगना के Gen Z को लेकर दिए बयान से हुई। स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान कंगना ने कुछ प्रदर्शनकारियों की भाषा पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने उन्हें 'गटर जेनरेशन' कहा था। बाद में कंगना ने सफाई देते हुए कहा कि उनका निशाना पूरी Gen Z नहीं, बल्कि उन लोगों पर था जिन्होंने कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। बाद में कंगना ने Gen Z को लेकर अपना रुख कुछ नरम भी किया। उन्होंने इस पीढ़ी को देश की ताकत और संपत्ति बताया। इसके बावजूद 'गटर जेनरेशन' वाला विवाद खत्म नहीं हुआ।
इससे पहले भी कंगना रामदेव को जवाब दे चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि रामदेव को उनकी जवानी या बेडरूम को लेकर सपने नहीं देखने चाहिए। साथ ही उन्होंने रामदेव को अपनी निजी जिंदगी पर चरित्र का पाठ नहीं पढ़ाने की नसीहत दी थी। कंगना का कहना है कि उनके खिलाफ राजनीतिक या वैचारिक आलोचना की जाए तो वह उसका जवाब देंगी। लेकिन निजी जिंदगी को बहस में लाना उन्हें स्वीकार नहीं है।
बाबा रामदेव ने कंगना पर क्या कहा था?
कंगना के बयान पर बाबा रामदेव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने युवा पीढ़ी के लिए ऐसे शब्दों के इस्तेमाल पर नाराजगी जताई। रामदेव ने कहा कि किसी भी पूरी पीढ़ी को इस तरह संबोधित करना गलत है। उन्होंने कंगना की अपनी जिंदगी और पुराने समय को लेकर भी टिप्पणी कर दी।
रामदेव ने कहा था, "मैं कंगना के बारे में बात नहीं करना चाहता। लेकिन किसी पूरी युवा पीढ़ी को गटर कहना गलत है। यह सोच बिगड़ने की निशानी है। उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को भी इस बयान पर ध्यान देना चाहिए।"
यहीं से विवाद का फोकस बदल गया। अब बहस सिर्फ Gen Z वाले बयान तक सीमित नहीं रही। कंगना की निजी जिंदगी को लेकर रामदेव की टिप्पणी भी चर्चा में आ गई।


Click it and Unblock the Notifications
