पापुलेशन कंट्रोल के लिए Kangana Ranaut ने दिया ये सुझाव, ट्रोलर्स ने गिनाए उनके भाई-बहन
मुंबई, 21 अप्रैल। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने जब से खुद अपना ट्विटर हैंडल संभाला है, तब से ही वह किसी ना किसी ट्वीट को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। कोरोना वायरस संकट हो या बॉलीवुड विवाद, कंगना हर मुद्दे पर अपना विचार खुलकर रखती हैं। अपनी फिल्मों से ज्यादा बेबाक बयानबाजी को लेकर हेडलाइन में रहने वालीं एक्ट्रेस कंगना रनौत ने अब बढ़ती जनसंख्या पर कुछ ऐसा कह दिया जिसके बाद सोशल मीडिया पर अब उन्हीं को ट्रोल होना पड़ रहा है।

हम दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी
हमारा भी मानना है कि बढ़ती जनसंख्या देश के लिए एक बड़ी समस्या बनता जा रहा है, कहीं ना कहीं आप भी हमारी बातों से जरूर सहमत होंगे। इस साल होने वाली जनगणना में कोरोना वायरस बड़ा रोड़ा बनकर सामने आया है, हालांकि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान में हम दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आबादी वाला देश हैं, हमारा पड़ोसी देश चीन इस मामले में पहले नंबर पर है।

भारत और चीन की जनसंख्या में ज्यादा अंतर नहीं
हालांकि भारत और चीन के बीच जनसंख्या के आंकड़े में बड़ा अंतर नहीं है, और एक रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी संभावना है कि हम चीन को पछाड़ जल्द ही नंबर एक पर पहुंच सकते हैं। वर्तमान में देश को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है उन पर अपना विचार रखते हुए बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने इसका एक बड़ा कारण देश की बड़ी आबादी को बताया।

पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का किया जिक्र
कंगना ने अपने एक ट्वीट में भारत में बढ़ती आबादी को कंट्रोल करने के लिए सख्त कानून की वकालत की है। अपने ट्वीट में कंगना रनौत ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए अजीबोगरीब बयान दिया है। एक्ट्रेस ने ट्वीट में लिखा, 'प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने वोट की राजनीति करते हुए उस समय जबरदस्ती लोगों की नसबंदी की, जिसकी वजह से वह चुनाव हार भी गई थीं। बाद में उनकी हत्या भी कर दी गई थी।'

कड़े कानून बनाने की जरुरत
कंगना आगे लिखती हैं, 'इसे ध्यान में रखते हुए कुछ नियम-कानून बनाए जाने चाहिए। इसके अंतर्गत तीसरा बच्चा अगर किसी का होता है तो उसे बतौर जुर्माना या कुछ सालों की जेल की सजा होनी चाहिए।' एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'देश में अधिक जनसंख्या के कारण लोग मर रहे हैं। कागज पर सिर्फ 130 करोड़ भारतीयों के अलावा भारत में 25 करोड़ से अधिक अवैध प्रवासी हैं, जो दूसरे देशों से आकर बसे हुए हैं।'

एक्ट्रेस को यूजर्स ने किया ट्रोल
कंगना रनौत यहीं नहीं रुकी उन्होंने देश की बढ़ी जनसंख्या पर बोलते हुए कई ट्वीट किए। कंगना ने आगे लिखा, 'आज के समय में भारत की बढ़ती हुई जनसंख्या एक संकट है। इस देश को कैसे संभालना है, मुझे यह बताओ। हमें भी तो जिम्मेदार बनने की जरूरत है ना।' एक्ट्रेस की ये बातें कुछ लोगों को बहुत पसंद आई, वहीं कुछ यूजर्स ने उनके परिवार को आड़े हाथ लेते हुए कंगना पर ही पलटवार कर दिया।

कॉमेडियन के ट्वीट पर तमतमाई कंगना ने कही ये बात
सोशल मीडिया पर यूजर्स कंगना रनौत को याद दिला रहे हैं कि वे खुद तीन भाई-बहन हैं। कॉमेडियन सलोनी गौर ने एक्ट्रेस के भाई-बहन का नाम शेयर करते हुए कंगना रनौत को ट्रोल करने की कोशिश की। कॉमेडियन के ट्वीट से तमतमाई कंगना ने भी रिप्लाई में लिखा, 'इसमें कोई हैरानी की बात नहीं कि तुम्हारी कॉमेडी तुम पर ही मजाक है। मेरे परदादा 8 भाई-बहन थे, उन दिनों कई बच्चे मर जाते थे, हमें समय के साथ बदलना चाहिए। वक्त की मांग है कि चीन जैसे सख्त कानून लागू कर जनसंख्या पर नियंत्रण किया जाए।'
यह भी पढ़ें: OTT पर 'थलाइवी' की रिलीज को लेकर कंगना ने दी सफाई, मूवी माफिया को लेकर कही ये बात












Click it and Unblock the Notifications