Kamlesh Tiwari Murder: एक फोन कॉल से ऐसे पकड़े गए कमलेश तिवारी की हत्या के आरोपी
Recommended Video
नई दिल्ली। गुजरात एटीएस ने कमलेश तिवारी हत्याकांड के दोनों आरोपियों अशफाक हुसैन और मोइनुद्दीन पठान को गिरफ्तार कर लिया। इन दोनों आरोपियों को एटीएस ने गुजरात-राजस्थान बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया। कमलेश तिवारी की हत्या के बाद से ही यूपी और गुजरात की पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। कई जगह सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने के बाद लगातार इनको ट्रैक किया जा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस की सक्रियता के बावजूद इन तक पहुंचना आसान नहीं था क्योंकि दोनों आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे।

दोनों आरोपी राजस्थान बॉर्डर से गिरफ्तार
यूपी और गुजरात पुलिस को इन दोनों आरोपियों की कमलेश तिवारी मर्डर केस में तलाश थी। कमलेश तिवारी की हत्या का गुजरात कनेक्शन सामने आने के बाद यूपी पुलिस ने वहां की पुलिस से संपर्क साधा था। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी ने होटल, लॉज, मदरसों और कई स्थानों पर छापेमारी की लेकिन वे बच निकलने में कामयाब रहे। इस बीच पुलिस ने इनपर ढाई लाख रु का इनाम घोषित कर दिया था और इनके पोस्टर भी जारी किए थे।

गुजरात में दाखिल होने की कोशिश में थे आरोपी
गुजरात एटीएस के मुताबिक, कमलेश तिवारी की हत्या के आरोपी अशफाक और मोइनुद्दीन अपने साथ जितने पैसे लाए थे, वह धीरे-धीरे खत्म हो रहे थे। उधर, यूपी पुलिस से मिले इनपुट के बाद गुजरात एटीएस के निर्देश पर सर्विलांस टीम और कुछ पुलिसकर्मी इन दोनों आरोपियों के करीबी और घरवालों पर नजर रख रहे थे। एक हत्यारोपी ने सूरत स्थित अपने घर पर एक कॉल किया था और कुछ पैसों का इंतजाम करने को कहा था।

कॉल कर घरवालों से पैसे का इंतजाम करने को कहा था
ये कॉल एटीएस के काम आ गई और दोनों आरोपियों को एटीएस ने राजस्थान बॉर्डर से दबोच लिया। गुजरात एटीएस के डीआईजी हिमांशु शुक्ला ने कहा कि उन्हें इस बात की सूचना मिली थी कि अशफाक और मोइनुद्दीन पठान गुजरात में दाखिल होने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना के बाद टीम एलर्ट हो गई थी और बॉर्डर पर भी हमारी एक टीम मौजूद थी। इसके बाद वहीं से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

लखनऊ में हुई थी कमलेश तिवारी की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि उन्होंने पैगंबर को लेकर दिए गए बयान की वजह से कमलेश तिवारी की हत्या की थी। वहीं, दोनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद कमलेश तिवारी की मां ने संतोष व्यक्त किया है और आरोपियों के लिए फांसी की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications