कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ की 5 साल में बढ़ी 40 करोड़ की प्रॉपर्टी, अब कितनी हुई कुल चल और अचल संपत्ति? जानिए
कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले अधिक संपन्न कैंडिडेट्स में से एक हैं। चुनाव आयोग को दिए अपने हलफनामे में उन्होंने कुल 700 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की है। इससे पहले नकुल नाथ ने 2019 में जब लोकसभा चुनाव लड़ा था तो उन्होंने 660 करोड़ की संपत्ति घोषित की थी।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ कांग्रेस के एक उद्यमी नेता हैं। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के उन 113 उम्मीदवारों में से हैं, जिन्होंने 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत होने वाले मतदान के लिए इस हफ्ते बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल किया है।

कांग्रेस सांसद नकुल नाथ को पार्टी ने इस बार छिंदवाड़ा से फिर से मौका दिया है। नकुल के चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास कुल संपत्ति लगभग 700 करोड़ रुपए है। पिछले पांच साल में नकुल नाथ की संपत्ति 40 करोड़ रुपये बढ़ गई है। हलफनामे में दिए अपने संपत्ति के ब्यौरे में नकुल नाथ ने नकदी, शेयर और बांड सहित चल संपत्ति की घोषणा की है, जिसकी कीमत 649.51 करोड़ है। जबकि अचल संपत्ति 48.07 करोड़ रुपए कीमत की है।
बता दें एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री और प्रभावशाली कांग्रेस नेता कमल नाथ के बेटे नकुल छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद हैं और वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव जीतने वाले 475 करोड़पति नेताओं की सूची में वह शीर्ष पर थे।
नकुल नाथ अक्सर विमान का उपयोग करते हैं, लेकिन उनके हलफनामे के अनुसार उनके पास कार नहीं है। भाजपा ने नकुल नाथ के खिलाफ विवेक साहू को खड़ा किया है। कांग्रेस 1952 से छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर जीत का सिलसिला जारी रखे हुए है। वह सिर्फ एक बार यहां भाजपा से हारी है। इस सीट पर कमलनाथ ने रिकॉर्ड नौ बार जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications