Kamal Haasan ने शिक्षा पर बोलते हुए दिया विवादित बयान, 'सनातन की बेड़ियों को काटने के लिए पढ़ाई जरूरी'
Kamal Haasan News: मशहूर एक्टर और राज्यसभा सांसद कमल हासन एक बार फिर अपने विवादित बयान की वजह से चर्चा में हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने तमिल भाषा को लेकर बयान दिया था जिस पर काफी विवाद हुआ था। एक बार फिर वह सनातन पर की गई अपनी टिप्पणियों की वजह से चर्चा में हैं। दरअसल चेन्नई में अगरम फाउंडेशन के एक कार्यक्रम में उन्हें शिक्षा पर बोलने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह हथियार है जिसके जरिए तानाशाही और सनातन की बेड़ियां काटी जा सकती है।
शिक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मैं आप सबसे कहना चाहता हूं कि अपने हाथ में कुछ भी और मत उठाइए, सिर्फ शिक्षा को लीजिए। शिक्षा ही वह हथियार है जिसके जरिए आप जीत सकते हैं। हमें शिक्षा को मजबूती से थामे रखना है, क्योंकि इसके जरिए ही हम तानाशाही को भी हरा सकते हैं।

Kamal Haasan ने सनातन पर कर दी विवादित टिप्पणी
कमल हासन ने शिक्षा पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए कहा, 'मैं फिर से जोर देकर कहना चाहता हूं कि बहुमत आपको हरा सकता है। मूदरगल (मूर्ख) आपको हरा देंगे। इसलिए, आपको हर हाल में शिक्षा को मजबूती से थामे रखना चाहिए।' इस दौरान उन्होंने अगरम फाउंडेशन की तारीफ करते हुए कहा कि हम सब जानते हैं कि बिना शर्त प्यार करने वालों का मिलना और सच्ची शिक्षा, ये दोनों चीजें सिर्फ और सिर्फ भाग्य से मिल सकता है।
इससे पहले कमल हासन ने नीट (NEET) का भी विरोध किया था और त्रिभाषा फॉर्मूले और हिंदी की अनिवार्यता के खिलाफ भी वह मुखर होकर बोलते रहे हैं। कुछ दिन पहले ही वह डीएमके और कांग्रेस के सहयोग से राज्यसभा पहुंचे हैं और लोकसभा चुनाव में उन्होंने इंडिया अलायंस के लिए प्रचार भी किया था।
यह भी पढ़ें: साउथ सुपरस्टार कमल हासन ने ली राज्यसभा में तमिल में शपथ, भड़के लोग- 'सीट वेस्ट हुई'
'सिनेमा से मिलने वाली फेम थोड़े समय के लिए होती है'
कमल हासन ने इस कार्यक्रम के दौरान कहा कि मुझे यह समझने में 70 साल लगे कि राजनीति की कोशिश समाज बदलने के लिए होनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'सिनेमा की लोकप्रियता और छवि कुछ समय के लिए होती है। सामाजिक जीवन में जो लोग काम करते हैं वह अदृश्य होते हैं। उनके कामों का प्रभाव सालों तक रहता है, लंबे समय के लिए रहता है।' उन्होंने यह भी कहा कि कई नेता ऐसे रहे जिनका योगदान बड़ा था, लेकिन उन्हें भुला दिया गया। सत्ता में रहने का असली मतलब होता है समाज में बदलाव लाना।
यह भी पढ़ें: Rajya Sabha Election 2025: राज्यसभा की 8 सीटों पर चुनाव, कमल हासन समेत इन दिग्गजों का उच्च सदन पहुंचना कन्फर्म












Click it and Unblock the Notifications