मोदी-शाह से मुलाकात के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा, सोनिया गांधी को सौंपा इस्तीफा
दिल्ली। मध्य प्रदेश में जारी सियासी उठा-पटक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। सिंधिया ने अपना इस्तीफा कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को सौंप दिया है। वहीं प्रदेश सरकार में कांग्रेस के कई मंत्रियों सहित 12 से अधिक विधायकों के बेंगलुरु जाने की खबर है।

भाजपा बुला सकती है बैठक
ऐसा माना जा रहा है कि ये विधायक इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ जायेगी। बता दें कि ऐसे समय में राजनीतिक उठा पटक उत्पन्न हुई है जब प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। सिंधिया समर्थक विधायकों का कहना है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपनी अनदेखी से क्षुब्ध हैं। सूत्रों का कहना है कि भाजपा इस मामले में संसदीय दल की बैठक बुला सकती है।

पहले अमित शाह से की मुलाकात
इस्तीफा सौंपने से पहले सिंधिया दिल्ली में सुबह अपने आवास से निकलकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की और इसके बाद शाह के साथ ही वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पहुंच गए। पीएम के आवास पर सिंधिया की बैठक सुबह 10.45 बजे शुरू हुई। करीब एक घंटे तक पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच बैठक चली। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सिंधिया अमित शाह की कार में बैठकर ही बाहर निकले।
Congress leader Jyotiraditya Scindia tenders resignation to Congress President Sonia Gandhi pic.twitter.com/GcDKu3BLw8
— ANI (@ANI) March 10, 2020
भाजपा में आज हो सकते हैं शामिल
इससे पहले सिंधिया अपने आवास से अकेले खुद कार चलाकर अमित शाह के घर पहुंचे थे, जहां से अमित शाह के काफिले में लोक कल्याण मार्ग पर पीएम आवास पहुंचे। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद ही ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि सिंधिया आज ही बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। इतना ही नहीं, जिस सम्मान के लिए सिंधिया कांग्रेस में लड़ रहे थे, वो सम्मान उन्हें बीजेपी में दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications