जस्टिस कर्णन ने देश के चीफ जस्टिस समेत 7 जजों के खिलाफ जारी किया समन
जस्टिस कर्णन ने अनुसूचित जाति/जनजाति (प्रताड़ना से संरक्षण) अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में सुप्रीम कोर्ट के सात जजों के खिलाफ आदेश जारी करके 28 अप्रैल को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है।
कोलकाता। सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना करने वाले कोलकाता हाईकोर्ट के जज सीएस कर्णन ने गुरुवार को देश के चीफ जस्टिस जेएस खेहर समेत सात जजों के खिलाफ समन जारी किया है। उन्होंने सभी जजों को अपनी अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।

SC-ST एक्ट के तहत जारी किया समन
जस्टिस कर्णन ने अनुसूचित जाति/जनजाति (प्रताड़ना से संरक्षण) अधिनियम के उल्लंघन के आरोप में सुप्रीम कोर्ट के सात जजों के खिलाफ आदेश जारी करके 28 अप्रैल को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है। हालांकि जस्टिस कर्णन से उनकी प्रशासनिक और न्यायिक शक्तियां पहले ही छीनी जा चुकी हैं, ऐसे में उनका ये आदेश कितना वैध है, इसे लेकर कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है।
बता दें कि चीफ जस्टिस समेत सात जजों की बेंच ने जस्टिस कर्णन के खिलाफ अवमानना का नोटिस जारी किया था। फरवरी में सुप्रीम कोर्ट की इस बेंच ने उस मामले को स्वत: संज्ञान में लेने के बाद आदेश जारी किया था जिसमें जस्टिस कर्णन ने 20 जजों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी।
अपने घर में किया तलब
जस्टिस कर्णन ने गुरुवार को बेंच के सभी जजों के खिलाफ समन जारी करते हुए कहा, 'मैं सातों जजों को व्यक्तिगत रूप से या अपने वकीलों के जरिए 28 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे तक मेरे कोलकाता स्थित आवास पर अपना जवाब दें, क्योंकि अब मेरा आवास ही मेरा अस्थाई कोर्ट है।'












Click it and Unblock the Notifications