जेएनयू टीचर्स फेडरेशन ने गृहमंत्री को लिखा पत्र, दिल्ली पुलिस को लेकर दर्ज कराई ये शिकायत
नई दिल्ली। जेएनयू में 5 जनवरी को नकाबपोश हमलावरों ने छात्रों की पिटाई कर दी थी। इस पूरे मामले को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं जबकि दिल्ली पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। इस बीच, जेएनयू टीचर्स फेडरेशन ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर 'दिल्ली पुलिस की अक्षमता' की शिकायत की है। इस पत्र पर 16 शिक्षकों के हस्ताक्षर हैं।

दिल्ली पुलिस ने जेएनयू कैंपस में छात्रों और शिक्षकों पर हुए हमले के मामले में एफआईआर दर्ज की है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। ऐसे में पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कुछ हमलावरों की पहचान कर ली है और जल्द ही उनके बारे में जानकारी सामने आ सकती है। दिल्ली पुलिस नकाबपोश हमलावरों की पहचान के लिए फेस रिकग्निशन तकनीक का इस्तेमाल कर रही है।
इसके पहले, जेएनयू वीसी एम. जगदीश कुमार ने एचआरडी मंत्रालय के सचिव अतुल खरे से मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि यूनिवर्सिटी में हालात सामान्य और शांतिपूर्ण है। उन्होंने कहा था कि यूनिवर्सिटी में अकादमिक गतिविधियों का संचालन जारी रहेगा और वे प्रत्येक छात्र को उनकी अकादमिक गतिविधियां जारी रखने में मदद करेंगे। बता दें कि करीब एक महीने से जेएनयू में फीस वृद्धि को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, विंटर सेमेस्टर के दाखिले को लेकर विवाद भी सामने आए हैं।
इस बीच, रविवार को कैंपस में नकाबपोश हमलावरों द्वारा छात्रों की पिटाई के बाद ये बवाल और भी तूल पकड़ने लगा है। दूसरी तरफ, जेएनयू वीसी को हटाने की मांग पर एचआरडी मंत्रालय के सचिव अमित खरे का बयान आया था। अमित खरे ने कहा था कि पिछले कुछ दिनों में जो कुछ हुआ है वह दुखद है। अमित खरे ने कहा कि स्टूडेंट्स की कुछ शिकायतें हैं, जबकि टीचर्स की भी प्रशासन के खिलाफ शिकायतें हैं। खरे ने कहा कि हम इन शिकायतों को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी मुद्दे पर बात करने के लिए आज उन्होंने जेएनयू के वीसी को बुलाया था।












Click it and Unblock the Notifications