Valentine's Day पर 'नफरत' का इजहार: तीन बच्चों की मां से निकाह करना चाहता था प्रेमी, मना करने पर जला दिया चेहरा
जयपुर। वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) के मौके पर प्यार करने वालों ने एक दूसरे से इस बात का इजहार किया लेकिन राजस्थान के झोटवाड़ा के एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के साथ ऐसा किया जिसने दिल के साथ-साथ उसकी आत्मा भी जला दी। प्रेमिका द्वारा निकाह से मना करने पर प्रेमी ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में प्रेमिका का आधा चेहरा और गला बुरी तरह झुलस गया है। वहीं बीच-बचाव करने के लिए पहुंची एक और महिला झुलस गई है। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को दबोच लिया और मारते-पीटते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रेमी पहले से दो शादी कर चुका है और प्रेमिका भी शादीशुदा है। विस्तार से जानिए पूरा मामला

दो पत्नियों को तलाक दे चुका है प्रेमी
जानकारी के मुताबिक आरोपी प्रेमी का नाम मेहबूब खान है। वो पहले से शादीशुदा है और दो पत्नियों को तलाक दे चुका है। जिस महिला पर उसने तेजाबी हमला किया है वो भी पहले से शादीशुदा है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक महिला शहर के ट्रायटन मॉल के सिनेमा हॉल में हाउसकीपिंग का काम करती है।

निकाह करने का दबाव डाल रहा था
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मेहबूब खान महिला पर निकाह के लिए दबाव डाल रहा था। आरोपी एक बोतल में तेजाब भरकर मॉल में पहुंच गया और महिला के निकाह के लिए मना करने पर उसने हमला कर दिया। हालांकि, इस हमले में महिला के अलावा आरोपी और बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला भी झुलस गई। पुलिस ने बताया कि जिस महिला पर आरोपी ने तेजाब डाला, उसका आधा चेहरा और गला झुलस गया है।

तीन बच्चों की मां है पीडि़ता
पुलिस के मुताबिक, मेहबूब खान के पहले से दो बच्चे हैं और पीड़िता भी तीन बच्चों की मां है। चश्मदीदों ने पुलिस को बताया कि आरोपी मेहबूब खान ने महिला पर तेजाब से हमला करने के बाद बोतल से उसे जान से मारने की कोशिश भी की, लेकिन इससे पहले कि वह अपने मंसूबे में सफल हो पाता, लोगों ने उसे दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, आरोपी और पीड़ता अभी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बीच-बचाव करने में झुलसी सफाईकर्मी महिला को छुट्टी दे दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications