'यह आदिवासी का बेटा, हमारे DNA में डर नहीं', CM हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर साधा केंद्र सरकार पर निशाना
'यह आदिवासी का बेटा, हमारे DNA में डर नहीं', CM हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर साधा केंद्र सरकार पर निशाना
रांची, 27 अगस्त: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कुर्सी पर इन दिनों संकट गहरा गया है। खनन पट्टे के मामले में चुनाव आयोग ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट झारखंड के राज्यपाल को भेजी है। इसमें झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को विधायक पद के लिए अयोग्य ठहराया गया है। पूरी उम्मीद है कि उनकी विधायकी रद्द की सिफारिश की जा सकती है। ऐसे में सीएम हेमंत सोरेने ने अपने ट्विटर हैंडल से शुक्रवार की रात एक के बाद एक कई ट्वीट किए। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा,''यह आदिवासी का बेटा है। इनकी चाल से हमारा न कभी रास्ता रुका है, न हम लोग कभी इन लोगों से डरे हैं। हमारे पूर्वजों ने बहुत पहले ही हमारे मन से डर-भय को निकाल दिया है। हम आदिवासियों के डीएनए में डर और भय के लिए कोई जगह ही नहीं है।''
Recommended Video

अपने एक अन्य ट्वीट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा, ''संघर्ष यात्रा के दौरान जब मैं महुआडांड़ आया था उस समय कई लोगों से मेरी मुलाकात हुई। उसमें कई बुजुर्ग भी थे। वह यह देखने आये थे कि यह दिशोम गुरुजी का बेटा है और इसमें गुरुजी जैसा दम है कि नहीं। उसी दिन मैंने मन में ठान लिया था कि फायरिंग रेंज की समस्या जड़ से खत्म कर दूंगा।''
अपने एक अन्य ट्वीट में सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा, ''लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है। जो संघर्ष और राज्य के प्रति समर्पण का भाव आदरणीय गुरुजी में है, वही समर्पण भाव के साथ हम आप लोगों के बीच में हैं। हमारी ताकत आप ही हैं। और आपकी इसी ताकत से हम विरोधियों से लंबी लड़ाई बड़ी मजबूती से लड़ते हैं।''
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया, ''केंद्र से राज्य का 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये बकाया क्या मांगा, इन्होंने परेशान करने के लिए एजेंसियों को मेरे पीछे लगा दिया। जब इन्होंने देखा कि मुझे कुछ कर नहीं पा रहे हैं तो आदरणीय गुरुजी जो एक उम्र के पड़ाव पर खड़े हैं, उन्हें परेशान कर मुझ तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।''
सूत्रों के मुताबिक झारखंड के राज्यपाल झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को विधायक के रूप में अयोग्य घोषित करने के लिए शनिवार को अपनी सिफारिश ईसीआई को भेज सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications