'अच्छा होगा जेल में मर जाऊं, पत्नी को कैंसर है, याद आती है...', रोते हुए जब जज से बोले नरेश गोयल
Naresh Goyal News: जेट एयरवेज के संस्थापक और केनरा बैंक में 538 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोपी नरेश गोयल ने एक विशेष अदालत में हाथ जोड़कर, रोते हुए कहा कि, 'मैं जिंदगी की हर उम्मीद खो चूका हूं... और यह बेहतर होगा कि अगर मैं जीने की बजाए जेल में ही मर जाऊं...।'
अदालत के रिकॉर्ड के मुताबिक 70 साल से अधिक उम्र के व्यक्ति की आंखों में आंसू आ गए और उसने कहा कि वह अपनी पत्नी अनीता को बहुत याद करता है और कहा कि जिसे लास्ट स्टेज का कैंसर है।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में पिछले साल 1 सितंबर को नरेश गोयल को गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल मुंबई की आर्थर रोड जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।
गोयल ने विशेष न्यायाधीश एम जी देशपांडे के समक्ष जमानत याचिका दायर की थी। उन्हें शनिवार (06 जनवरी) को अदालत में पेश किया गया और कार्यवाही के दौरान गोयल ने कुछ मिनटों की व्यक्तिगत सुनवाई का अनुरोध किया, जिसे न्यायाधीश ने अनुमति दे दी।
अदालत के 'रोजनामा' (दैनिक सुनवाई का रिकॉर्ड) के मुताबिक, नरेश गोयल ने हाथ जोड़कर और "पूरे शरीर में लगातार कंपन" के साथ कहा कि "उनका स्वास्थ्य बहुत खराब और अनिश्चित है। कभी भी उन्हें कुछ हो सकता है।''
नरेश गोयल ने कहा कि उनकी पत्नी अनीता बिस्तर पर हैं और उनकी इकलौती बेटी भी बीमार है। गोयल ने कहा, जेल स्टाफ की उनकी मदद करने की अपनी सीमाएं हैं। गोयल ने अपने घुटनों की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनमें सूजन और दर्द है और वह अपने पैरों को मोड़ने में असमर्थ हैं।
न्यायाधीश ने कहा, "मैंने उन्हें (नरेश गोयल) धैर्यपूर्वक सुना और जब उसने अपनी बात रखी तो उस पर गौर भी किया। मैंने पाया कि उसका पूरा शरीर कांप रहा था। उसे खड़े होने के लिए भी सहायता की जरूरत है।"












Click it and Unblock the Notifications