मेरे 30 साल के राजनैतिक कैरियर को राहुल गांधी ने बर्बाद कर दिया- जयंती नटराजन
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय पर्यावरण एवं संसाधन मंत्री जयंती नटराजन ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। यूपीए सरकार में अहम मंत्रियों में शुमार की जाने वाली जयंती ने राहुल पर कॉर्पोरेट्स को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है। नटराजन यहीं नहीं रुकी उन्होंने कहा कि उद्योग जगत के इशारे और राहुल गांधी के इशारे पर मुझसे मंत्री पद से इस्तीफा लिया गया। कयास लगाये जा रहे हैं कि आज नटराजन कांग्रेस से इस्तीफा भी दे सकती हैं।

जयंती नटराजन का नवंबर 2014 माह में सोनिया गांधी को लिखा एक पत्र सामने आया है जिसमें उन्होंने लिखा है कि उनपर उद्योग जगत को फायदा पहुंचाने का दबाव बनाया गया था। यही नहीं उन्होंने लिखा है कि वेदांता ग्रुप के प्रोजेक्ट को रोके जाने के बाद मुझे मंत्री पद से इस्तीफा देने को कहा गया है।
जयंती नटराजन 12.30 बजे आज एक प्रेस कांफ्रेंस करके अपने इस्तीफे का औपचारिक एलान कर सकती हैं। नटराजन ने अपने पत्र में लिखा है कि उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने तलब किया था और जब मैं उनके पास पहुंची तो उन्होंने खड़े होकर मेरे काम की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को आपकी पार्टी के संगठन को मजबूत करने में जरूरत है। जिसके बाद उन्होंने कहा कि आप मंत्री पद से इस्तीफा दे दीजिए।
नटराजन ने लिखा है कि मेरे इस्तीफा देने के बाद राहुल गांधी ने फिक्की के कार्यक्रम में मेरे मंत्रालय पर सवाल उठाया और कहा कि प्रोजेक्ट्स पास होने में देरी हो रही थी। राहुल गांधी के इस बयान से खफा नटराजन ने सोनिया गांधी को अपना दर्द बयान किया और कहा कि वह पार्टी के लिए 30 साल तक निस्वार्थ काम करती रही बावजूद इसके मेरी साख पर सवाल उठाकर मेरे कैरियर को पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications