Pahalgam: अमरनाथ यात्रा से पहले क्यों बनाया पहलगाम में पर्यटकों को निशाना? क्या कहना चाहते थे आतंकी?
Pahalgam: कश्मीर के पहलगाम में हुए आंतकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है, इस आतंकी हमले में अभी तक 28 से ज़्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है। आतंकियों ने जिस तरह से नाम पूछकर निर्दोष लोगों पर गोलियां बरसाई, उसने मानवता को तार-तार कर दिया है। इस घटना के कई वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें हमले की बर्बरता दिखाई दे रही है।
आपको बता दें कि यह हमला मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ, जिसमें करीब 50 राउंड फायरिंग की गई। लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने इस घृणित काम की जिम्मेदारी ली है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल ये है कि इस आंतकी घटना के पीछे का कारण क्या है? क्यों दहशतगर्दों ने पहलगाम और पर्यटकों को निशाना बनाया?

अमरनाथ यात्रा से पहले क्यों बनाया पहलगाम में पर्यटकों को निशाना?
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने माना कि ये आतंकवादी वक्फ अधिनियम में संशोधन के बाद नरेंद्र मोदी सरकार को एक बड़ा संदेश देना चाहते थे और उन्होंने अपना सारा गुस्सा पर्यटकों पर निकाला।
वायरल वीडियो में से एक वीडियो में पीड़िता कहते हुए दिख रही है कि उसके पति को गोली मारने के बाद आतंकी ने कहा था 'बता देना अपने मोदी को।' क्या वो देश की सरकार को संदेश देना चाह रहे थे कि वो उनकी किसी भी बात को नहीं मानेंगे?
कश्मीर में आंतकवाद फिर से जिंदा?
जिस तरह से अमरनाथ यात्रा से पहले ये हमला हुआ है उसने एक बार फिर से कश्मीर में आंतकवाद के जिंदा होने का प्रमाण दे दिया है। आपको बता दें कि वैसे ये कोई पहली बार नहीं है जब पहलगाम को निशाना बनाया गया है। इससे पहले 6 अगस्त 2002 को पहलगाम में एक शिविर पर हुए हमले में नौ लोग मारे गए थे, 20 जुलाई 2001 को भी एक शिविर पर हुए हमले में 13 लोगों की मौत हो गई थी।
पीएम मोदी ने की आपात बैठक
इस घटना के सामने आते ही पीएम मोदी ने सऊदी अरब का अपना दौरा बीच में छोड़ दिया और वो भारत आ गए हैं, एयरपोर्ट पर उतरते ही उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल, विदेश मंत्री (EAM) एस. जयशंकर और विदेश सचिव (FS) के साथ आपात बैठक की और पूरे हालात की जानकारी ली है। मालूम हो कि कश्मीर में हुए इस आतंकी हमले के बाद से दिल्ली, यूपी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
लोगों की मदद के लिए सामने आया एयर इंडिया एक्सप्रेस
पहलगाम में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने श्रीनगर से आने-जाने वाले अपने यात्रियों को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया है। एयरलाइन 30 अप्रैल, 2025 तक श्रीनगर से आने-जाने वाली उड़ानों में बुक किए गए यात्रियों के लिए यात्रा को पुनर्निर्धारित करने की सुविधा दे रही है, यात्री अपनी बुकिंग रद्द करने और अपने मूल भुगतान विधि में पूर्ण धनवापसी प्राप्त करने का विकल्प भी चुन सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications