कश्मीर: शोपियां में फिर से मुठभेड़, कई आतंकियों के छिपे होने की आशंका
Encounter in Kashmir: कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ सेना (Indian Army) का ऑपरेशन जारी है। शुक्रवार को एक बार फिर शोपियां (Shopian) जिले में आतंकियों और सेना के बीच मुठभेड़ हुई, हालांकि अभी तक इस ऑपरेशन में किसी भी आतंकी के मारे जाने की खबर नहीं है। मुठभेड़ स्थल पर रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है। अंधेरे का फायदा उठाकर आतंकी फरार ना हो जाएं, इसके लिए इलाके में कड़ी घेराबंदी भी की गई है।

जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को शोपियां के कनिगम इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इस पर सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सीआरपीएस ने संयुक्त अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए पलटवार किया है। वहीं इलाके में पत्थरबाज ऑपरेशन में खलल ना डालें, इसके लिए कड़ी घेराबंदी की गई है। आतंकी गतिविधियों के लिहाज से शोपियां जिला काफी संवेदनशील माना जाता है।
एक दिन पहले मारे गए थे दो आतंकी
आपको बता दें कि गुरुवार को बारामुला जिले के वानीगाम में भी आंतकियों और सुरक्षबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें दो आतंकी मारे गए थे। इसमें एक आतंकी लश्कर का कमांडर था, जो पाकिस्तान से घुसपैठ करके आया था। वहीं दूसरा आतंकी कश्मीर के सोपोर इलाके का रहने वाला था। 6 महीने पहले ही उसने घर छोड़कर आतंकियों का हाथ थाम लिया था। मौजूदा वक्त में बर्फबारी की वजह से एलओसी पर घुसपैठ के पारंपरिक रास्ते बंद हो गए हैं। साथ ही सेना का ऑपरेशन भी तेजी से चल रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि जल्द ही घाटी में आतंकियों की संख्या बहुत ही कम हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications