J&K सीएम महबूबा ने कहा पीएम मोदी मजबूत व्यक्ति, वही निकालेंगे कश्मीर को दलदल से
जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जताया भरोसा। कहा अगर पीएम मोदी लाहौर जा सकते हैं तो फिर कश्मीर की समस्या का हल भी निकाल सकते हैं।
श्रीनगर। जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक मजबूत व्यक्ति करार दिया है। साथ ही कहा है कि उन्हें इस बात का पूरा यकीन है कि अगर कोई पीएम कश्मीर समस्या का हल निकाल सकता है तो वह सिर्फ पीएम मोदी ही हैं।

याद आई पीएम मोदी की लाहौर यात्रा
सीएम महबूबा मुफ्ती महिलाओं के एक कार्यक्रम में बोल रही थीं और उनका यह बयान घाटी में जारी खराब हालातों के बीच ही सामने आया है। महबूबा की मानें तो पीएम मोदी ही वह व्यक्ति हैं जो कश्मीरियों को हिंसा के दलदल से निकाल सकते हैं। वह जो भी फैसला करेंगे देश उनका समर्थ करेगा। उन्होंने इस दौरान पीएम की वर्ष 2015 वाली लाहौर यात्रा का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि किसी भी पीएम ने लाहौर जाने की हिम्मत नहीं दिखाई लेकिन पीएम मोदी गए और यह दिखाता है कि वह कितने ताकतवर हैं। उनका लाहौर जाना यह दिखाने के लिए काफी है कि एनडीए की सरकार एक मजबूत इरादों वाली सरकार है। महबूबा की मानें तो कश्मीर के हालात और बिगड़े तो फिर जम्मू और लद्दाख में भी इसका असर होगा। महबूबा ने कहा कि कश्मीर में जो हालात यह समस्या है वह करीब 70 वर्ष पुरानी है।
वाजपेयी ने की शांति की पहल
महबूबा ने इस दौरान एक बार फिर अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजेपयी को याद किया। उन्होंने कहा कि दोनों ने कश्मीर में एक शांति प्रक्रिया की शुरुआत की थी। अब पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद इस दुनिया में नहीं हैं और वाजपेयी की सरकार भी नहीं हैं। उन्होंने यूपीए की सरकार पर आरोप लगाया और कहा यह सरकार सोचती थी कि कश्मीर के हालात ठीक हो जाएंगे। हालात अब बद से बदतर हो गए हैं। सीएम महबूबा की मानें तो किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग कश्मीर में अशांति पैदा करना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications