Israel-Hamas War: क्या फिलिस्तीनियों के पक्ष में कांग्रेस? शशि थरूर के बयान से उठा विवाद
इजराइल और फिलिस्तीन चरमपंथी संगठन हमास संघर्ष पर केरल से कांग्रेस सांसद और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व अवर महासचिव शशि थरूर ने बुधवार को अपना रूख पेश किया। उन्होंने कहा कि हमास ने जो किया उसके लिए किसी भी औचित्य को स्वीकार करना असंभव है और उन्होंने यह भी कहा कि इस संघर्ष पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान अधूरा था।
थरूर ने आगे कहा कि इजराइल में राष्ट्रीय अवकाश के दौरान हमास द्वारा किए गए अचानक हमले से पूरी स्थिति भड़क गई है। यह एक आतंकी ऑपरेशन था। उन्होंने संगीत समारोह में भाग लेने आए निर्दोष नागरिकों, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं को मार डाला। हमास ने जो किया उसके लिए किसी भी औचित्य को स्वीकार करना वास्तव में असंभव है।

'...पीएम का बयान अधूरा'
पूर्व विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि मैं निश्चित रूप से आतंकवादी कृत्य की निंदा में शामिल हूं। फिर उन्होंने इस टकराव में अपनी पार्टी की साइड लेते हुए कहा कि इस टकराव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी अधूरी है। थरूर ने कहा कि हमें लगा कि उनका बयान अधूरा है।
आपको बता दें कि शनिवार को इजराइल पर हमास के हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत इजराइल के साथ और आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ खड़ा है। प्रधानमंत्री के बयान के जवाब में, थरूर ने कहा कि यह फिलिस्तीनियों के लिए एक कठिन स्थिति है। खासकर जब से कब्जे वाले क्षेत्रों में यहूदी निवासियों के लिए बस्तियों का निर्माण और नए घरों का निर्माण इन सभी वर्षों में बेरोकटोक जारी रहा है।
'हम इजराइली और फिलिस्तीनी में शांति चाहते'
थरूर ने आगे कहा कि मैं ऐसा केवल इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि हमारे लिए और कांग्रेस पार्टी के लिए तथा परंपरागत रूप से भारत के लिए स्थिति बहुत स्पष्ट है। हम चाहते हैं कि इजराइली और फिलिस्तीनी दोनों शांति और सम्मान से और सुरक्षित सीमाओं और परिस्थितियों के पीछे रहें, जहां किसी को भी किसी भी समय अपनी जान का डर न हो। दोनों तरफ से मरने वालों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। थरूर ने कहा कि हम चाहते हैं कि यह मामला रुके और शांति बहाल हो।












Click it and Unblock the Notifications