क्या Air India में पायलटों की कमी के चलते यूक्रेन से भारतीयों को निकालने में हो रही है देरी ?
नई दिल्ली, 1 मार्च: यूक्रेन युद्ध की वजह से संकट में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए यूं तो ऑपरेशन गंगा को काफी सफलता मिली है और अपने नागरिकों को वहां से निकालने में भारत सबसे आगे चल रहा है। लेकिन, जानकारी के मुताबिक अगर एयर इंडिया में बड़े विमानों को उड़ाने वाले पालयटों की कमी नहीं रही होती तो इस मिशन को और भी ज्यादा तेजी से कामयाबी मिल सकती थी। बहरहाल, अब जानकारी मिल रही है कि सरकार ने इस अभियान में वायु सेना के विमानों को भी लगाने की तैयारी कर ली है, जिससे इस राहत मिशन को जल्द पूरा होने पाने की उम्मीद बढ़ गई है।

एयर इंडिया में पायलटों की कमी से अभियान पर असर-रिपोर्ट
दी न्यू इंडियन एक्सप्रेस डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों को निकालने के लिए एयर इंडिया के छोटे विमानों (बोइंग 787 ड्रीमलाइनर) पर निर्भर रहना पड़ रहा है, क्योंकि बी 747 जैसे बड़े विमानों को उड़ाने वाले पायलटों की कमी है। पांच दिन पहले शुरू हुए ऑपरेशन गंगा मिशन के तहत पहले 6 उड़ानों में यूक्रेन से करीब 1,400 भारतीयों को स्वदेश लाया जा सका है। यदि एयर इंडिया अपने बी 747 जैसे बड़े हवाई जहाज को इस अभियान में तैनात करता तो वह एक साथ ज्यादा लोगों को लेकर आने में सक्षम है। क्योंकि, बी 787 ड्रीमलाइनर में 330 यात्रियों के बैठने की क्षमता है, जबकि बी 747 एक साथ 600 पैसेंजर को लेकर उड़ान भर सकता है।
Recommended Video

एयर इंडिया ने पायलट कमी पर टिप्पणी से किया इनकार-रिपोर्ट
रिपोर्ट में सूत्रों के मुताबिक कहा गया है कि इन बड़े विमानों के उड़ाने वाले पायलटों की कमी है। विश्वसनीय रूप से जानकारी मिली है कि जो पायलट बी 744 (बी 747-400) उड़ा रहे थे, उन्हें बी777, बी787 और ए320 उड़ाने के लिए भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया के पास अभी जो चार बी747 विमान हैं, उन्हें कार्गो (दो) और बाद में हज यात्रा (दो) के लिए रखा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक बड़े विमान उड़ाने वाले पायलटों की कमी के मुद्दे पर एयर इंडिया ने टिप्पणी करने से मना कर दिया है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने उस अखबार से कहा है कि 'विमानों की तैनाती कई चीजों पर निर्भर करती है, जिसमें विमानों की उपलब्धता, गंतव्य एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, फ्यूल एफिशिएंसी इत्यादि। ऑपरेशनल वजहों और इंफ्रास्ट्रक्चर फीजिबिलटी की वजह से अभी बी787 एयरक्राफ्ट इस्तेमाल किए जा रहे हैं।'

एयर इंडिया के बेड़े में 141 विमान हैं
एयर इंडिया 141 विमानों का संचालन करता है, जिसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस के 24 बोइंग बी737-800 विमान भी शामिल हैं। इनमें से करीब 43 लीज पर हैं। एयर इंडिया के बेड़े में एयरबस- ए319-100, ए320-200, ए320-200नियो, ए321-200 और बोइंग बी747-400, बी777-200(एलआर), बी777-300(ईआर) और बी787-800 शामिल हैं।

ऑपरेशन गंगा में सी-17 को उतारने की तैयारी
हालांकि, अब यूक्रेन संकट में फंसे अपने नागरिकों को लाने के लिए एयर इंडिया के अलावा इंडिगो, स्पाइसजेट और एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान भी दिल्ली से बुडापेस्ट और बुखारेस्ट एयरपोर्ट की ओर भेजे जा रहे हैं। इस बीच जानकारी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वायु सेना को भी ऑपरेशन गंगा से जुड़ने को कहा है। इस काम के लिए भारतीय वायु सेना के सी-17 विमान उड़ान भर सकते हैं, जिसके जरिए यूक्रेन के लिए राहत सामग्री भी भेजी जा सकती है और एक बार में कम से कम 400 भारतीय नागरिकों को भी वहां से रेस्क्यू करके लाया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications