IRCTC Diwali-Chhath Train Booking:बिहार-यूपी लौटने वालों के लिए खुशखबरी, अब आने-जाने दोनों की टिकट करें पक्की!
IRCTC Diwali-Chhath Train Booking: त्योहारों का मौसम जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, लोगों में अपने गांव-घर लौटने की उत्सुकता भी बढ़ती जा रही है। खासकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग, जो दिल्ली, मुंबई, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु जैसे शहरों में काम करते हैं। ये लोग हर साल दीवाली और छठ महापर्व पर अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर लौटते हैं। इस दौरान ट्रेनों में इतनी भीड़ हो जाती है कि कन्फर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो जाता है।
लेकिन इस बार यात्रियों को पहले से तैयारी का मौका मिल गया है। रेलवे ने अग्रिम टिकट बुकिंग की सुविधा देते हुए घोषणा की है कि आज यानी 19 सितम्बर 2025 से यात्री 18 नवम्बर 2025 तक की टिकटें बुक कर सकते हैं। इसका मतलब है कि अब लोग न केवल दीवाली (21 अक्टूबर 2025) और छठ (25 से 28 अक्टूबर 2025) के लिए घर जाने की टिकट ले सकते हैं, बल्कि वापसी की सीट भी समय रहते पक्की कर सकते हैं।

कब है दीवाली और छठ महापर्व?
इस साल दीवाली 21 अक्टूबर 2025 (मंगलवार) को मनाई जाएगी। इसके कुछ दिनों बाद छठ महापर्व 25 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2025 तक रहेगा। इन दोनों त्योहारों पर बिहार और ईस्ट यूपी के लाखों लोग अपने घर पहुंचते हैं। हर साल इस दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है और टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है।
ये भी पढ़ें: IRCTC Diwali-Chhath Train Booking: छठ-दिवाली पर मिलेगी कन्फर्म सीट! अभी कर लें आने-जाने के टिकट बुक
बिहार-ईस्ट यूपी की ओर सबसे ज्यादा दबाव
त्योहारों पर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई और पुणे जैसे बड़े शहरों से सबसे ज्यादा भीड़ पटना, दरभंगा, समस्तीपुर, भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर, छपरा, सिवान, बक्सर और यूपी के गोरखपुर, वाराणसी, बलिया, मऊ, आज़मगढ़ जैसे शहरों की ओर रहती है। इसी वजह से रेलवे हर साल इन रूट्स पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाता है।
संभावित मुख्य और स्पेशल ट्रेनें
त्योहार सीजन में जिन रूट्स पर सबसे ज्यादा ट्रेनें चलने की उम्मीद रहती है, उनमें शामिल हैं -
- दिल्ली-पटना स्पेशल
- दिल्ली-दरभंगा स्पेशल
- दिल्ली-गोरखपुर स्पेशल
- दिल्ली-भागलपुर/साहिबगंज स्पेशल
- मुंबई-पटना स्पेशल
- मुंबई-दरभंगा स्पेशल
- मुंबई-गोरखपुर स्पेशल
- कोलकाता-पटना स्पेशल
- कोलकाता-दरभंगा/समस्तीपुर स्पेशल
- पुणे-गोरखपुर स्पेशल
- पुणे-पटना स्पेशल
- बेंगलुरु-पटना/दरभंगा स्पेशल
चेन्नई-गोरखपुर स्पेशल
पिछले साल भी रेलवे ने इन रूट्स पर दर्जनों स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं। इस बार भी इन्हीं रूट्स पर सबसे ज्यादा अतिरिक्त ट्रेनें मिलने की उम्मीद है। रेलवे जल्द ही इनकी आधिकारिक सूची जारी करेगा।
रिटर्न टिकट की भी करें तैयारी
त्योहारों के बाद जब लोग फिर से दिल्ली, मुंबई या अन्य शहरों की ओर लौटते हैं, तो वापसी की ट्रेनों में भी भारी भीड़ रहती है। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अभी से रिटर्न टिकट भी बुक कर लें। इससे उन्हें बाद में वेटिंग लिस्ट या टिकट ब्लैक में खरीदने जैसी दिक्कतों से बचाव होगा।
समय रहते कर लें बुकिंग
रेलवे का कहना है कि अभी से बुकिंग खुलने का फायदा उठाकर लोग अपनी सीट पक्की कर सकते हैं। जो यात्री परिवार के साथ यात्रा करने वाले हैं, वे भी आराम से कन्फर्म टिकट पा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: IRCTC का बड़ा अपडेट! 1 अक्टूबर से बदल जाएंगे ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियम, दलालों पर लगेगी लगाम












Click it and Unblock the Notifications