IRCTC New Rule: बदल गया टिकट बुक करने का पूरा प्रोसेस! बिना इस स्टेप के अब नहीं मिलेगी तत्काल टिकट
IRCTC Aadhaar OTP Mandatory for Tatkal Ticket Booking: अब तक अगर आपने तत्काल ट्रेन टिकट बुक करते समय केवल आईडी प्रूफ दिखाकर बुकिंग कर ली थी, तो अब रेलवे ने इसमें बड़ा बदलाव कर दिया है। बढ़ती कालाबाजारी और टिकटों की धांधली को रोकने के लिए भारतीय रेलवे ने आज से आधार आधारित OTP वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है। यानी अब तत्काल टिकट बुक करने के लिए आपके आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आने वाला ओटीपी दर्ज करना जरूरी होगा।
चाहे आप IRCTC से टिकट बुक करें या रेलवे काउंटर और अधिकृत एजेंट्स के जरिए, सभी को इस प्रक्रिया से गुजरना होगा। यह कदम रेलवे ने यात्रियों को पारदर्शी और सुरक्षित बुकिंग सुविधा देने के उद्देश्य से उठाया है। यह नियम आज, 15 जुलाई 2025 से लागू हो गया है। चाहे आप टिकट IRCTC वेबसाइट या ऐप से बुक करें या फिर PRS काउंटर और अधिकृत एजेंट के जरिए, सभी को आधार ओटीपी वेरिफिकेशन कराना होगा।

ऑनलाइन बुकिंग पर भी जरूरी आधार वेरिफिकेशन
अगर आप IRCTC के जरिए ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करते हैं, तो आपको उस मोबाइल नंबर पर भेजा गया ओटीपी दर्ज करना होगा, जो आपके आधार से लिंक है। यह ओटीपी वेरिफिकेशन बुकिंग के दौरान जरूरी होगा।
ये भी पढ़ें: IRCTC यूजर्स के लिए नया नियम, बिना Aadhaar वेरिफिकेशन के नहीं मिलेगा तत्काल टिकट, ऐसे करें लिंक
कब होती है तत्काल टिकट बुकिंग?
- तत्काल टिकट ट्रेन के चलने से एक दिन पहले ही बुक की जा सकती है।
- एसी क्लास (1A, 2A, 3A, CC, EC) की बुकिंग सुबह 10 बजे से शुरू होती है।
- नॉन-एसी क्लास (स्लीपर, सेकंड सिटिंग) की बुकिंग सुबह 11 बजे से होती है।
काउंटर और एजेंट से बुकिंग पर भी नियम लागू
अगर आप टिकट बुकिंग काउंटर या रेलवे के अधिकृत एजेंट से टिकट बुक करवा रहे हैं, तब भी आधार ओटीपी वेरिफिकेशन जरूरी होगा। इस प्रक्रिया में यात्री को अपना आधार नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर देना होगा। ओटीपी सफलतापूर्वक दर्ज करने के बाद ही टिकट जारी होगा।
IRCTC यूजर आईडी को ऐसे करें आधार से वेरिफाई
- IRCTC वेबसाइट या IRCTC रेल कनेक्ट ऐप पर लॉग इन करें।
- "My Account" सेक्शन में जाएं।
- "Authenticate User" ऑप्शन पर क्लिक कर आधार वेरिफिकेशन पूरा करें।
एजेंट्स की बुकिंग टाइमिंग पर रोक
- 1 जुलाई 2025 से IRCTC ने एजेंट्स के लिए टिकट बुकिंग के समय में भी बदलाव किया है।
- एसी क्लास की टिकटों के लिए: एजेंट सुबह 10:00 से 10:30 बजे तक बुकिंग नहीं कर पाएंगे।
- नॉन-एसी क्लास की टिकटों के लिए: सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक एजेंट बुकिंग नहीं कर सकेंगे।
ट्रेन किराए में भी बढ़ोतरी लागू
रेलवे ने 1 जुलाई 2025 से प्रीमियम और विशेष ट्रेनों के किराए बढ़ा दिए हैं। इसमें राजधानी, शताब्दी, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अंत्योदय, जन शताब्दी, युवा एक्सप्रेस, एसी विस्टाडोम कोच जैसी ट्रेनें शामिल हैं। 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी वाली सामान्य गैर-शहरी ट्रेनों पर भी नया किराया लागू किया गया है।
अब 8 घंटे पहले बनेगा रिजर्वेशन चार्ट
रेलवे बोर्ड ने रिजर्वेशन चार्ट तैयार करने के समय में बदलाव किया है। अब ट्रेन के चलने से 8 घंटे पहले चार्ट बनाया जाएगा। यदि ट्रेन दोपहर 2 बजे से पहले रवाना होती है, तो उसका चार्ट एक दिन पहले रात 9 बजे ही तैयार कर लिया जाएगा। पहले यह चार्ट ट्रेन के चलने से 4 घंटे पहले बनता था।
ये भी पढ़ें: Railway Exam Dress Code: बदल गया पगड़ी-बिंदी का नियम, अब नहीं होगी रोक! रेलवे ड्रेस कोड को लेकर क्या है अपडेट?












Click it and Unblock the Notifications