सुशांत राजपूत का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर अब हुए परेशान, लगातार मिल रही धमकियां
नई दिल्ली: सुशांत सिंह राजपूत की मौत को दो महीने से ज्यादा का वक्त हो गया है, लेकिन मुंबई पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। इस बीच बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने सुशांत केस में सीबीआई जांच के आदेश दे दिए। इस केस में रिया चक्रवर्ती पहले ही सुशांत के फैन्स के निशाने पर थीं, लेकिन अब कूपर अस्पताल के डॉक्टर भी उनके निशाने पर आ गए हैं। इसकी वजह सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट को बताया जा रहा है।

फोन नंबर हुआ लीक
दरअसल 14 जून को सुशांत की मौत के बाद उनके शव को मुंबई के कूपर अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान पांच डॉक्टरों की टीम ने उनका पोस्टमार्टम किया। हाल ही में सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई थी, जिसमें पांचों डॉक्टरों के हस्ताक्षर, नाम और फोन नंबर थे। अब सोशल मीडिया पर ये अफवाह फैलाई जा रही है कि उन्होंने पैसे लेकर सुशांत का पोस्टमार्टम किया और गलत रिपोर्ट दी। जिस वजह से वो अब सुशांत के फैन्स के निशाने पर आ गए हैं।
Recommended Video

सोशल मीडिया पर चला कैंपेन
कूपर अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत कैंपेन चलाया जा रहा है। इसके अलावा उन्हें लगातार पर्सनल और ऑफिस के नंबर पर फोन आ रहे हैं। जिसमें गालियां और भद्दी-भद्दी बातें कही जा रही हैं। उन्हें अब इस बात की भी चिंता है कि कहीं अराजक तत्व उनके परिवार को न नुकसान पहुंचाएं। उनके मुताबिक लगातार उनके नंबर और सोशल मीडिया की डिटेल कई प्लेटफॉर्म्स पर शेयर की जा रही हैं।

पुलिस से शिकायत नहीं
कूपर अस्पताल के डॉक्टरों ने अभी इस संबंध में कोई शिकायत तो नहीं दर्ज करवाई है, लेकिन वो काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि लगातार उनको बदनाम करने की कोशिश हो रही है। उन्हें मुंबई पुलिस पर पूरा भरोसा है। साथ ही इस बात की भी तसल्ली है कि पुलिस के होते हुए उनको या उनके परिवार को कोई भी नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा। वहीं मेडिको- लीगल एसोसिएशन ऑफ महाराष्ट्र के अध्यक्ष डॉ शैलेश मोहिते ने भी इस घटना की निंदा की है।

वकील ने उठाए थे रिपोर्ट पर सवाल
कुछ दिन पहले ही सुशांत के पिता केके सिंह के वकील विकास सिंह ने कहा था कि सुशांत सिंह राजपूत की जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट मुझे देखने को मिली है, उसमें टाइम ऑफ डेथ नहीं है, यानी कितने बजे सुशांत की मौत हुई इसका कोई जिक्र ही नहीं है। उनके मुताबिक टाइम ऑफ डेथ बहुत महत्वपूर्ण है, इसी से स्पष्ट हो सकता है कि उन्हें मार के लटकाया गया या लटककर मरे। ऐसे में मुंबई पुलिस और कूपर अस्पताल को इसका जवाब देना होगा।












Click it and Unblock the Notifications