Yoga FAQs: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर जानें योग से जुड़े सबसे ज़रूरी सवालों के जवाब, विशेषज्ञ क्या बोले?
International Yoga Day 2025 Yoga FAQs : हर साल 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस न केवल भारत की सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है, बल्कि दुनियाभर में शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का अवसर भी है। इस अवसर पर आइए जानते हैं योग से जुड़े कुछ ज़रूरी सवालों के जवाब, जो मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (MDNIY), आयुष मंत्रालय की वेबसाइट पर विशेषज्ञों द्वारा बताए गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 की थीम?
Yoga for One Earth, One Health (एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग)। साल 2025 का इंटरनेशनल योग दिवस इसी थीम पर मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम इस बात पर जोर देती है कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पर्यावरणीय स्वास्थ्य आपस में गहराई से जुड़े हैं। जैसे-जैसे हम अपने तन-मन की देखभाल yoga के माध्यम से करते हैं, वैसे-वैसे हम पृथ्वी की भी रक्षा करते हैं।

यह भी पढ़ें- International Yoga Day 2025: डेस्क जॉब करने वालों के लिए 5 बेस्ट योगासन, दूर होगा पीठ और कमर दर्द
1. आसन करने वालों का आहार कैसा हो?
योगाभ्यासियों के लिए आहार सात्त्विक, संतुलित और पौष्टिक होना चाहिए। ऐसा भोजन न केवल शरीर को ऊर्जा देता है, बल्कि मानसिक स्पष्टता और भावनात्मक संतुलन बनाए रखता है। योग का मूल उद्देश्य आत्मिक प्रगति है और उचित आहार उस दिशा में सहायक होता है।
2. योगासन और सामान्य व्यायाम में क्या अंतर है?
आसन केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक स्थिरता का माध्यम हैं। ये शरीर, श्वास और मन का संतुलन साधते हैं। जबकि सामान्य व्यायाम मुख्यतः शारीरिक शक्ति, सहनशक्ति और फिटनेस बढ़ाने पर केंद्रित होते हैं। योगासन ध्यान और आत्मनियंत्रण को भी प्रोत्साहित करते हैं।

3. योगासनों का अभ्यास किस क्रम में होना चाहिए?
योग अभ्यास में सरल से कठिन की ओर बढ़ना चाहिए। शुरुआत में स्वस्तिकासन, गोमुखासन, वीरासन जैसे आसान आसनों से प्रारंभ कर धीरे-धीरे पीछे झुकाव, आगे झुकाव, ट्विस्ट, साइड बेंड और बैलेंसिंग पोज़ को शामिल किया जाना चाहिए। विशेषज्ञ अपने अनुभव और उद्देश्य के अनुसार क्रम में बदलाव कर सकते हैं।
4. योग क्या है?
योग एक प्राचीन भारतीय जीवन प्रणाली है जो शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास को समाहित करती है। इसमें क्रियाएं, आसन, प्राणायाम, ध्यान और नैतिक सिद्धांत शामिल होते हैं। इसका अंतिम लक्ष्य है आत्मबोध और मोक्ष।

5. क्या योग और ध्यान एक ही चीज़ हैं?
नहीं। ध्यान योग का एक अंग है। अष्टांग योग और हठ योग में ध्यान एक प्रमुख तत्व है, लेकिन योग केवल ध्यान नहीं है। योग एक सम्पूर्ण जीवनशैली है जिसमें ध्यान, आहार, नैतिकता, श्वास नियंत्रण और आसन सभी शामिल हैं।
6. आसन और प्राणायाम का सही क्रम क्या है?
सबसे पहले शुद्धिकरण क्रियाएं (Kriyas), फिर आसन, उसके बाद प्राणायाम और अंत में ध्यान करना चाहिए। यह क्रम शरीर और मन को गहराई से तैयार करता है ताकि ध्यान में स्थिरता और शांति प्राप्त हो सके।

7. लोग योग अभ्यास क्यों शुरू करते हैं?
योग शुरू करने के पीछे विभिन्न कारण होते हैं-तनाव कम करना, लचीलापन बढ़ाना, मानसिक स्पष्टता पाना, आत्मज्ञान की ओर बढ़ना, रोगों की रोकथाम और जीवन की गुणवत्ता सुधारना। यह एक सम्पूर्ण जीवन पद्धति है।
8. कपालभाति कैसे करें?
- आरामदायक स्थिति में बैठें
- नाक से जोर से साँस छोड़ें (Active Exhalation)
- पेट को भीतर खींचें
- सांस स्वत: ही अंदर जाती है (Passive Inhalation)
- शुरुआत में 20-30 बार, फिर धीरे-धीरे बढ़ाएं
9. क्या कपालभाति प्राणायाम है?
नहीं, यह षट्क्रियाओं में से एक है और प्राणायाम की तैयारी मानी जाती है। इसे "स्कल शाइनिंग ब्रेथ" भी कहते हैं क्योंकि यह मस्तिष्क को सक्रिय बनाता है।

10. क्या योग हर उम्र के लिए उपयुक्त है?
हां, योग हर आयु वर्ग के लिए अनुकूल है। बच्चों के लिए यह मजेदार और खेलभावनापूर्ण हो सकता है, किशोरों के लिए तनाव प्रबंधन और लचीलापन बढ़ाने वाला, वयस्कों के लिए फिटनेस और माइंडफुलनेस का माध्यम, और वृद्धों के लिए सरल, संतुलित, और स्वास्थ्य-समर्थक अभ्यास।
11. क्या योग केवल बुजुर्गों या बीमार लोगों के लिए है?
बिलकुल नहीं। योग हर व्यक्ति के लिए है-चाहे वह एथलीट हो, ऑफिस में काम करने वाला हो या विद्यार्थी। यह केवल उपचार नहीं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य और जीवन शैली को बेहतर बनाने का तरीका है।
Sources: https://www.yogamdniy.nic.in












Click it and Unblock the Notifications