International Yoga Day 2025: डेस्क जॉब करने वालों के लिए 5 बेस्ट योगासन, दूर होगा पीठ और कमर दर्द
International Yoga Day 2025: आज के समय में अधिकतर लोग लंबे समय तक कंप्यूटर या लैपटॉप पर बैठकर काम करते हैं। ऐसे लाइफस्टाइल में शारीरिक गतिविधि की कमी और गलत बैठने के तरीके से गर्दन, पीठ और आंखों में दर्द की समस्या आम हो गई है।
शरीर को स्ट्रेच करना बहुत जरूरी
ऐसे में योग एक ऐसा उपाय है जो न केवल शरीर को स्ट्रेच करता है बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है। डेस्क जॉब के कारण शरीर की मूवमेंट कम हो जाती है, लेकिन दिन में 10-15 मिनट योग करके आप शारीरिक और मानसिक दोनों तरह के तनाव से राहत पा सकते हैं।

21 जून को मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
आपको बता दें कि हर साल 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। ये दिन योग की अहमियत को पहचानने और इसके लाभों को फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस बार भी 21 जून 2025 (शनिवार) को ये दिन जोर शोर से मनाने की तैयारी है, जिसके लिए खास थीम भी रखी गई है।
'योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ'
इस साल यानी 2025 में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम है- योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ यानी एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग। इस साल की थीम ये जाहिर करती है कि हमारी सेहत और धरती की सेहत एक-दूसरे से जुड़ी हुई है।
डेस्क पर काम करने वाले लोगों के लिए योग फायदेमंद
आइए इस अंतरराष्ट्री योग दिवस पर हम आपको कुछ ऐसे आसान योगासन के बारे में बताते हैं जो डेस्क पर काम करने वाले लोगों के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं और जिन्हें ऑफिस ब्रेक के दौरान या घर पर आसानी से किया जा सकता है।
1. ताड़ासन (Mountain Pose)
ये आसन रीढ़ की हड्डी को सीधा करने और शरीर को संतुलन में लाने में मदद करता है। लंबे समय तक एक ही मुद्रा में बैठने के कारण जो अकड़न होती है, उसे ये आसन दूर करता है।
कैसे करें- सीधे खड़े हों, हाथों को ऊपर उठाएं और पूरे शरीर को पंजों के बल खींचें। 5-10 सेकंड तक इसी अवस्था में रहें और धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौट आएं।
2. अर्ध चक्रासन (Half Wheel Pose)
ये आसन रीढ़ को पीछे की ओर झुकाने में मदद करता है जिससे स्लाउचिंग से होने वाली पीठ की समस्या कम होती है।
कैसे करें- सीधे खड़े होकर हाथों को कमर पर रखें और धीरे-धीरे पीछे की ओर झुकें। गहरी सांस लेते रहें और 5-7 सेकंड के बाद धीरे-धीरे वापस आएं।
3. कटिचक्रासन (Standing Spinal Twist)
ये आसन रीढ़ की हड्डी को लचीलापन देता है और कमर के आसपास के हिस्से की जकड़न दूर करता है।
कैसे करें- पैरों को कंधे की चौड़ाई पर फैलाएं, दोनों हाथ सामने फैलाएं और शरीर को एक ओर मोड़ें। कुछ सेकंड रुककर दूसरी ओर दोहराएं।
4. ब्रह्म मुद्रा (Neck Rotation)
लैपटॉप या मोबाइल पर लगातार देखने से गर्दन अकड़ जाती है। यो योग अभ्यास उसे रिलैक्स करता है।
कैसे करें- सीधे बैठें और धीरे-धीरे गर्दन को दाएं-बाएं, ऊपर-नीचे और घुमाकर मूवमेंट दें। हर दिशा में 5-5 बार करें।
5. नेत्र व्यायाम (Eye Exercise)
स्क्रीन पर लगातार काम करने से आंखों में थकावट होती है। योग में नेत्र व्यायाम से आंखों की थकान दूर होती है।
कैसे करें-10-10 सेकंड के लिए ऊपर, नीचे, बाएं और दाएं देखें। फिर आंखें बंद करके गहरी सांस लें।












Click it and Unblock the Notifications