थप्पड़कांड के बाद IndiGo की सख्त कार्रवाई, आरोपी 'नो-फ्लाई लिस्ट' में शामिल, पीड़ित युवक का नहीं मिला सुराग
IndiGo Passenger slapped on flight: मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो फ्लाइट में अपने सहयात्री को थप्पड़ मारने वाले शख्स को एयरलाइन ने 'नो-फ्लाई लिस्ट' में डाल दिया है। इंडिगो ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि आरोपी व्यक्ति पर इंडिगो की किसी भी उड़ान में सफर करने पर रोक लगा दी गई है।
इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया, "हमारे ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उड़ान के दौरान किसी भी तरह के अनुशासनहीन व्यवहार को हतोत्साहित करने की प्रतिबद्धता के तहत, आरोपी यात्री पर इंडिगो की उड़ानों से यात्रा करने पर रोक लगा दी गई है।"

आरोपी यात्री को किया गया गिरफ्तार
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें आरोपी यात्री को फ्लाइट में पैनिक अटैक से जूझ रहे एक सहयात्री को थप्पड़ मारते हुए देखा गया। जब अन्य यात्रियों ने आरोपी से पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उसने जवाब दिया, "मुझे परेशानी हो रही थी।"
कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद आरोपी यात्री को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। इंडिगो ने कहा कि मामले की पूरी जानकारी उचित प्राधिकरणों को रिपोर्ट कर दी गई है, ताकि जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
लापता हुआ पीड़ित हुसैन अहमद माजूमदार
जिस यात्री को थप्पड़ मारा गया था, उसकी पहचान हुसैन अहमद माजूमदार के रूप में हुई है। वह असम के कछार जिले का निवासी है और कोलकाता से सिलचर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाला था। लेकिन वह कभी सिलचर नहीं पहुंचा।
परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्होंने कोलकाता एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड होने के बाद हुसैन से बात की थी, लेकिन उसके बाद से उसका फोन बंद आ रहा है। वे कोलकाता एयरपोर्ट पर उसका इंतज़ार करते रहे, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा।
ये भी पढ़ें SpiceJet Flight के कॉकपिट में क्यों घुसी दो महिला पैसेंजर? क्या था कोई बड़ा मकसद? टेकऑफ में 7 घंटे की देरी
असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा से हस्तक्षेप की मांग
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने इंडिगो अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हुसैन के परिवार ने इस मामले में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से हस्तक्षेप की मांग की है। साथ ही हैदराबाद के काचिगुड़ा थाने में एक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
यह मामला अब एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है जहां एक ओर उड़ान के दौरान हिंसा की निंदा हो रही है, वहीं पीड़ित युवक के लापता होने ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें IndiGo फ्लाइट में असम के पैसेंजर को जड़ा थप्पड़, अब युवक हुआ गायब, क्या है पूरा मामला?












Click it and Unblock the Notifications