IndiGo फ्लाइट में असम के पैसेंजर को जड़ा थप्पड़, अब युवक हुआ गायब, क्या है पूरा मामला?
IndiGo Flight Slapping Incident: मुंबई से कोलकाता जा रही इंडिगो (IndiGo) की एक उड़ान में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे देश को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इस फ्लाइट में असम के कछार जिले के रहने वाले एक युवक हुसैन अहमद मजूमदार को उस समय एक सहयात्री ने थप्पड़ मार दिया जब वह कथित तौर पर पैनिक अटैक से जूझ रहे थे।
अब इस घटना के बाद मज़ूमदार लापता हो गए हैं, जिससे उनके परिवार में गहरी चिंता और बेचैनी फैली हुई है।

कौन हैं हुसैन अहमद मज़ूमदार?
हुसैन मज़ूमदार, मुंबई में एक जिम ट्रेनर के रूप में काम कर रहे थे और असम के कटीगोरा स्थित अपने पैतृक घर लौट रहे थे। उन्हें कोलकाता से सिलचर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़नी थी, लेकिन वे कभी सिलचर नहीं पहुंचे। उनके परिवार वालों का कहना है कि हुसैन का फोन मुंबई में ही छूट गया है और अब वह पूरी तरह से लापता हैं।
हुसैन के परिजन सिलचर एयरपोर्ट पर उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन जब वे नहीं पहुंचे, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस और प्रशासन से संपर्क किया। उनके रिश्तेदार जुबैरुल इस्लाम मज़ूमदार ने बताया कि जब हुसैन सिलचर की फ्लाइट में नहीं मिले, तो वे उधरबंद थाना गए और शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, हुसैन के पिता कैंसर से जूझ रहे हैं और बेटे के लापता होने की खबर से बुरी तरह टूट चुके हैं। परिवार वालों ने कहा, "वह मुंबई में हमारे लिए मेहनत कर रहा था, घर लौट रहा था। सुबह वीडियो देखा, अब कुछ नहीं पता कि बेटा कहां है।"
क्या हुआ इंडिगो फ्लाइट में?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित युवक की पहचान हुसैन अहमद मजूमदार के रूप में हुई है, जो कि मुंबई में एक जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था। वह अपने घर कटीगोरा (कछार, असम) लौट रहा था और इसके लिए उसने मुंबई से कोलकाता होते हुए सिलचर की फ्लाइट बुक की थी।
कोलकाता की फ्लाइट के दौरान हुसैन को बीच में ही 'पैनिक अटैक' हुआ, जिसके चलते वह परेशान और घबराया हुआ नजर आया। फ्लाइट के क्रू मेंबर्स उसकी मदद कर ही रहे थे कि अचानक एक सहयात्री ने बिना किसी उकसावे के उसे थप्पड़ मार दिया। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
इंडिगो का बयान
इंडिगो एयरलाइंस ने इस मामले पर एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि,"हम अपनी एक फ्लाइट पर शारीरिक झड़प की घटना से अवगत हैं। इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है और हम किसी भी तरह की असभ्य हरकत की निंदा करते हैं। हमारे क्रू मेंबर्स ने तय नियमों के अनुसार कार्रवाई की और आरोपी यात्री को लैंडिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया है।"
परिवार ने मांगी पारदर्शी जांच
हुसैन की गुमशुदगी को लेकर उसका परिवार बेहद परेशान है और प्रशासन से मांग कर रहा है कि CCTV फुटेज, एयरपोर्ट रिकॉर्ड और किसी भी अन्य सबूत को सार्वजनिक किया जाए जिससे उसके बेटे की तलाश में मदद मिल सके।
एक साधारण यात्रा की योजना ने असम के एक परिवार के लिए दुःस्वप्न का रूप ले लिया है। जहां एक तरफ फ्लाइट में हुई मारपीट चिंता का विषय है, वहीं अब हुसैन की रहस्यमयी गुमशुदगी ने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया है। पूरे देश की निगाहें अब इस पर टिकी हैं कि आखिर हुसैन अहमद मजूमदार कहां है और उसकी सुरक्षा कैसी है?












Click it and Unblock the Notifications