गोवा जा रही IndiGo फ्लाइट के पायलट ने दी 'PAN PAN PAN' कॉल, क्या होता है इसका मतलब?
IndiGo Flight 'PAN PAN PAN' Message Meaning: दिल्ली से गोवा जा रही एक इंडिगो फ्लाइट में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। विमान उस वक्त खतरे के साए में आ गई जब हवा में उड़ते हुए उसके एक इंजन में तकनीकी गड़बड़ी सामने आई। आसमान में उड़ती फ्लाइट, 191 यात्रियों की सांसें थमी हुईं और पायलट की सूझबूझ ने एक बड़ा हादसा होने से रोक लिया।
इस बीच पायलट ने कंट्रोल रूम को 'PAN PAN PAN' मैसेज भेजा। यह अलर्ट मिलते ही मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकालीन तैयारी शुरू कर दी गई और विमान को सुरक्षित उतारा गया। राहत की बात ये रही कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

क्या होता है PAN, PAN, PAN मैसेज का मतलब?
इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान पायलट ने 'PAN PAN PAN' कॉल दी थी, जिसे विमानन की भाषा में एक जरूरी चेतावनी माना जाता है। इस कॉल का मतलब होता है कि विमान को किसी गंभीर तकनीकी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अभी कोई जान का सीधा खतरा नहीं है।
पायलट यह संदेश एयर ट्रैफिक कंट्रोल को भेजता है ताकि ज़रूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके। PAN-PAN का मतलब होता है "Possible Assistance Needed" यानी "हमें मदद की जरूरत हो सकती है" इसे तीन बार दोहराकर बोला जाता है, 'PAN PAN PAN' ताकि कंट्रोल टावर और ज़रूरी सेवाएं सतर्क हो जाएं।
ये भी पढ़ें: Air India हादसा: 2 बार बदला गया था फ्यूल स्विच यूनिट, क्यों किया गया था ऐसा? कंपनी ने दिया ये जवाब
यह कॉल उस स्थिति में दी जाती है जब कोई तकनीकी गड़बड़ी हो, या किसी यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ जाए, पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में हो। इससे अलग, अगर खतरा जानलेवा हो तो 'MAYDAY' कॉल दी जाती है। इंडिगो फ्लाइट के पायलट की सूझबूझ और सही वक्त पर 'PAN PAN PAN' कॉल देने से बड़ा हादसा टल गया।
उड़ान के दौरान इंजन में आई खराबी
दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 6271 को बीच रास्ते में तकनीकी खराबी के कारण मुंबई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। एयरबस A320neo विमान में कुल 191 लोग सवार थे। उड़ान भरने के बाद इंजन नंबर-1 में खराबी आने पर पायलट ने "PAN PAN PAN" कॉल दी, जो किसी गंभीर खतरे की बजाय एक जरूरी चेतावनी मानी जाती है।
मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा विमान
विमान ने मंगलवार, 16 जुलाई की रात 9:53 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। मुंबई एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि जब विमान उड़ान के दौरान भुवनेश्वर से लगभग 100 नॉटिकल मील उत्तर में था, तभी समस्या का पता चला और पायलट ने तुरंत मुंबई की ओर डायवर्ट करने का फैसला लिया।
इंडिगो की सफाई - तकनीकी गड़बड़ी थी
इंडिगो एयरलाइंस ने इस घटना को लेकर बयान जारी किया और कहा कि यह एक तकनीकी खराबी थी। प्रवक्ता ने बताया, "दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट 6E 6271 में उड़ान के दौरान तकनीकी दिक्कत पाई गई, जिसके बाद विमान को मुंबई डायवर्ट कर सुरक्षित उतारा गया।"
एम्बुलेंस और फायर टीम रही तैनात
अधिकारियों के अनुसार, रात 9:32 बजे पायलट ने मुंबई डायवर्शन की मांग की थी। इसके बाद SOP (मानक प्रक्रिया) के अनुसार एम्बुलेंस और फायर टेंडर्स को रनवे पर स्टैंडबाय रखा गया। हालांकि, विमान समय से दो मिनट पहले सुरक्षित लैंड हो गया और सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।
विमान की जांच होगी, यात्रियों के लिए नया इंतजाम
इंडिगो ने बताया कि विमान की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस की प्रक्रिया शुरू की गई है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है।
स्पाइसजेट और इंडिगो की अन्य फ्लाइट्स में भी दिक्कतें
इससे पहले 13 जुलाई को पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में भी टेकऑफ से पहले तकनीकी दिक्कत आई थी, जिसके चलते उड़ान में 9 घंटे से ज्यादा की देरी हुई। इसके अलावा पिछले सप्ताह इंदौर से रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7295 भी तकनीकी खराबी के चलते 60 नॉटिकल मील की दूरी तय करने के बाद वापस इंदौर एयरपोर्ट लौट आई थी।
यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
लगातार हो रही तकनीकी दिक्कतों के बीच एयरलाइंस कंपनियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यात्रियों की सुरक्षा और भरोसे को बनाए रखना है। हालांकि इन घटनाओं में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है, फिर भी यात्रियों के बीच चिंता जरूर बढ़ी है।
ये भी पढ़ें: Runway Scare in Patna: पटना में बाल-बाल बचा विमान हादसा, रन-वे पड़ गया छोटा, पायलट ने दोबारा उड़ाई फ्लाइट












Click it and Unblock the Notifications