दिल्ली से IndiGo की आज की सभी 235 फ्लाइट्स कैंसिल, पूरे देश में 500 से ज्यादा विमान रद्द, क्यों मचा है हाहाकार
देश की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो में बड़े स्तर पर गड़बड़ी चल रही है। पिछले कुछ दिनों में 500 से ज़्यादा उड़ानें रद्द होने के कारण देश के सभी एयरपोर्ट्स पर यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दिल्ली, हैदराबाद और गोवा जैसे बड़े शहरों में यात्री नाराज होकर हंगामा करते दिखे।
यात्रियों ने कहा कि उन्हें 12 से 14 घंटे तक बिना खाने-पानी के इंतज़ार करना पड़ा, और इसे 'मानसिक प्रताड़ना' बताया। चौंकाने वाली बात यह है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर इंडिगो की आज की सभी 235 फ़्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। इससे पहले भी एयरलाइन की 500 से अधिक उड़ानें रद्द हुई थीं, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्रियों का सफर बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स पर बने बेहद ख़राब हालात
- दिल्ली एयरपोर्ट: यहां हजारों की संख्या में यात्रियों का सामान बिना मालिक के बिखरा पड़ा था। कई यात्री ज़मीन पर सोए हुए मिले, क्योंकि उन्हें कोई दूसरी फ्लाइट या होटल नहीं मिला। इंडिगो के खाली काउंटर्स देखकर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
- हैदराबाद और गोवा: हैदराबाद में नाराज़ यात्रियों ने विरोध जताने के लिए दूसरी एयरलाइन की उड़ान को भी रोकने की कोशिश की। गोवा एयरपोर्ट पर भी यात्रियों और इंडिगो कर्मचारियों के बीच खूब बहस हुई और पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा।
- अन्य शहर: चेन्नई में भीड़ बढ़ने के कारण सुरक्षा बल (CISF) को यात्रियों को टर्मिनल में प्रवेश देने से रोकना पड़ा, जबकि पुणे एयरपोर्ट ने बताया कि चालक दल (Crew) की कमी के कारण विमान पार्किंग बे में घंटों खड़े रहे, जिससे बाकी उड़ानों में भी देरी हुई।
ऑपरेशनल गड़बड़ी और CEO की चिंता
इंडिगो ने स्वीकार किया है कि यह संकट मुख्य रूप से क्रू की आवश्यकताओं का गलत अनुमान लगाने और तकनीकी कमियों के कारण आया। कंपनी ने DGCA को बताया कि नाइट ड्यूटी के नियमों (FDTL) में बदलाव के कारण स्टाफ की कमी हुई। इंडिगो के CEO ने भी कहा है कि बिगड़े हुए परिचालन को सामान्य करना 'आसान काम नहीं' होगा।
अगले 3 दिन तक राहत नहीं
एयरलाइन ने अपने ग्राहकों से दिल से माफी मांगी है। हालांकि, इंडिगो ने चेतावनी दी है कि शेड्यूल को ठीक करने के लिए अगले दो से तीन दिनों तक अभी और उड़ानें रद्द होती रहेंगी। स्थिति को स्थिर करने के लिए, इंडिगो 8 दिसंबर से अपनी उड़ानों की संख्या को कम करने की योजना बना रही है।












Click it and Unblock the Notifications