कोरोना से जूझ रहे पड़ोसी मुल्क के लिए भारत आया आगे, 200 टन 'सांसें' लेकर पहुंचेगी ऑक्सीजन एक्सप्रेस
नई दिल्ली, जुलाई 24: कोरोना की दूसरी लहर का डटकर मुकाबला करने के बाद भारत ने अब पड़ोसी देश बांग्लादेश के लिए मदद के हाथ आगे बढ़ाए हैं। पड़ोसी मुल्क में इन दिनों कोरोना का कहर देखा देखा जा रहा है। ऐसे में कोरोना वायरस का डेल्टा वैरिएंट वहां तेजी से फैल रहा है, जिसके मद्देनजर वहां की सरकार ने 23 जुलाई से 14 दिन की लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया है। इस बीच बांग्लादेश की हालातों के मद्देनजर भारतीय रेलवे 200 टन मेडिकल ऑक्सीजन की खेप वहां पहुंचाएगा।

रेल मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में बताया कि भारतीय रेलवे की ऑक्सीजन एक्सप्रेस बांग्लादेश की यात्रा के लिए तैयार है। यह पहली बार है जब ऑक्सीजन एक्सप्रेस को देश के बाहर भेजने के लिए चलाया जा रहा है। आज दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल, झारखंड के टाटानगर से 200 मीट्रिक टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन को बेनापोल, बांग्लादेश तक पहुंचाने के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि विवार को ऑक्सीजन एक्सप्रेस के पहुंचने की संभावना है।
अपने बयान में रेल मंत्रालय ने कहा कि 24 अप्रैल, 2021 को ऑक्सीजन एक्सप्रेस को भारतीय राज्यों को चिकित्सा ऑक्सीजन की आवश्यकता को राहत प्रदान करने के लिए शुरू किया गया था। 35000 मीट्रिक टन से अधिक एलएमओ को 15 राज्यों में पहुंचाया गया था। लगभग 480 ऑक्सीजन एक्सप्रेस का संचालन किया गया था।
आपको बता दें कि जब देश में कोरोना की दूसरी लहर का तांडव मचा हुआ था। हर तरफ ऑक्सीजन को लेकर हाहाकार था। उस वक्त भारतीय रेलवे संकटमोचक बनकर उभरी थी। भारतीय रेलवे ने कम से कम समय में अधिक से अधिक ऑक्सीजन देने का प्रयास किया था। 24 अप्रैल को घोषणा के बाद से रेलवे ने लगभग 480 ऐसी ट्रेनें चलाई, जिन्होंने देश भर में 36,841 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन पहुंचाई थी।












Click it and Unblock the Notifications