जम्मू कश्मीर: इंडियन आर्मी ने पाक आर्मी को दिया करारा जवाब, एलओसी पर एक पोस्ट तबाह
पाकिस्तान सेना की ओर से लगातार होते युद्धविराम उल्लंघन का भारतीय सेना ने गुरुवार को करारा जवाब दिया है। भारतीय सेना ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ में एलओसी पर स्थित पाक सेना की एक पोस्ट को तबाह कर दिया है।
श्रीनगर। पाकिस्तान सेना की ओर से लगातार होते युद्धविराम उल्लंघन का भारतीय सेना ने गुरुवार को करारा जवाब दिया है। भारतीय सेना ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ में एलओसी पर स्थित पाक सेना की एक पोस्ट को तबाह कर दिया है। सेना के सूत्रों की ओर से दी गई जानकारी के तहत भारतीय सैनिकों ने पाक पोस्ट को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि इसी पोस्ट से आतंकियों को जम्मू कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने में मदद मिल रही थी। इसी पोस्ट की मदद से 10 फरवरी को आतंकियों ने सुंजवान स्थित इंडियन आर्मी के मिलिट्री कैंप पर हमला किया था। इस हमले में छह जवान शहीद हो गए थे और एक नागरिक की भी मौत हो गई थी। उस समय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा था कि पाकिस्तान को इस हमले का जवाब दिया जाएगा।

400 आतंकी घुसपैठ को तैयार
पाकिस्तान लगातार सीमा पर आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिशें कर रहा है। एलओसी पर हो रही लगातार फायरिंग की मदद से आतंकियों को कवर देने के प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को भारतीय सीमा में पाकिस्तानी हेलीकॉप्टर देखा गया था। पाक सेना का एक हेलीकॉप्टर नियमों को तोड़ते हुए नियंत्रण रेखा के नजदीक आ गया। घटना की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पाकिस्तानी सेना का हेलीकॉप्टर नियंत्रण रेखा के 300 मीटर तक करीब आने के बाद वापस लौट गया। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और अब एलओसी पर मौजूद आर्मी कमांडर्स और कमांडिंग ऑफिसर्स को एलओसी पर दुश्मन को करारा जवाब देने के मकसद से फैसले लेने की पूरी आजादी दे दी गई है। उधमपुर नॉर्दन आर्मी कमांड की ओर से अनुमान लगाया गया है कि करीब 400 आतंकी पाकिस्तान की तरफ से एलओसी पार करने के लिए गर्मी के मौसम का इंतजार कर रहे हैं। वह बर्फ पिघलने के साथ ही कश्मीर में घुसपैठ को रेडी हैं। कश्मीर में इन सर्दियों में बर्फबारी कम हुई है और ऐसे में उम्मीद है कि पाकिस्तान सेना घुसपैठ के लिए आतंकियों को जल्द से जल्द आदेश दे सकती है।












Click it and Unblock the Notifications