Weather Update: दिल्ली-हरियाणा से लेकर बिहार-MP तक, अगले कुछ घंटे रहेंगे भारी! जारी हुआ रेड अलर्ट
Today Weather Update: देश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है। एक तरफ जहां कई राज्यों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, तो दूसरी ओर उमस भरी गर्मी लोगों को सता रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई राज्यों में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है।
बता दें कि उत्तर-पूर्वी राज्य असम, अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। वहीं, बिहार, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में भी लगातार बारिश से हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। इधर, दिल्ली एनसीआर में बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है, लेकिन दोपहर में उमस व गर्मी का असर भी देखने को मिल रहा है।

इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा और कर्नाटक में अगले 2-3 दिनों में भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 7 जुलाई को हिमाचल प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़ में, 6-9 जुलाई को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश में, 6-7 जुलाई के दौरान पंजाब, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में और 9 जुलाई तक विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली अगले 24 घंटे में होगी बारिश!
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले 24 घंटे के दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली चमकने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में जारी भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। देहरादून में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में पांच साल के बच्चे और हरिद्वार में एक किशोर की नाले में डूबने से मौत हो गई। भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख सड़कें ब्लॉक हो गई।
इधर, हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश से 64 सड़कें बंद हो गईं। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों के कई इलाकों में मध्यम बाढ़ के खतरे की चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में भारी बारिश जारी
राजस्थान में मानसून की बारिश जारी है। अगले 24 घंटे में पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश जारी रहेगी। रविवार और 8 जून को उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है। बीकानेर संभाग और जोधपुर संभाग के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में भी अगले दो-तीन दिनों में बारिश होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है, जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है।
ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी के अनुसार, आने वाले चार दिनों में ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी पर बन रहे चक्रवात के कारण मयूरभंज, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों में शनिवार को भारी बारिश होने की संभावना है।
7 जुलाई को आईएमडी बुलेटिन में गजपति, रायगढ़ा, कालाहांडी, नबरंगपुर, खुर्दा, नयागढ़, कटक, पुरी, मयूरभंज, क्योंझर, कोरापुट, मलकानगिरी, कंधमाल और गंजम जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की आशंका है।
पश्चिम बंगाल मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पश्चिम बंगाल में 9 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि अलग-अलग क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि लगातार बारिश के कारण तीस्ता, जलधाका, संकोश और तोरसा जैसी नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है।
असम बाढ़ से हाहाकार, कैसा रहेगा मौसम
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। 29 जिलों के करीब 22 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिससे संकट और बढ़ गया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने डिब्रूगढ़ में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
बाढ़, भूस्खलन और तूफान से मरने वालों की कुल संख्या 62 हो गई है, जबकि तीन लोग अभी भी लापता हैं। धुबरी, दरांग और कछार जैसे जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।












Click it and Unblock the Notifications