India Sri Lanka Flight का इंतजार हुआ खत्म, चेन्नई से जाफना के बीच सीधी विमान सेवा दोबारा शुरू होगी
India Sri Lanka Flight की तलाश खत्म हुई। चेन्नई-जाफना के बीच सीधी विमान सेवा आज से शुरू होगी। एअर इंडिया की सब्सिडियरी कंपनी एलायंस एयर विमानों का संचालन करेगी।

भारत और श्रीलंका के बीच कोरोना महामारी के कारण विमान सेवाएं बंद करनी पड़ी थीं। लंबे समय से श्रीलंका जाने की प्लानिंग कर रहे लोगों को डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस का इंतजार था। अब इंतजार की घड़ियां समाप्त हो चुकी हैं, क्योंकि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई से श्रीलंका के जाफना तक सीधी विमान सेवाएं दोबारा शुरू हो रही हैं।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार से चेन्नई और जाफना के बीच उड़ानें फिर से शुरू करने पर दोनों देशों के बीच सहमति बन गई है। विमान सेवाओं की शुरुआत दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी लिंक को पुनर्जीवित करने की तैयारी है। माना जा रहा है कि डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस की शुरुआत होने से आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका के पर्यटन क्षेत्र के लिए यह विमान सेवा लाभदायक साबित हो सकती है।
एअर इंडिया की सहायक कंपनी एलायंस एयर ने घोषणा की है कि वह सप्ताह में चार बार विमान सेवाएं मुहैया कराएगी। चार दशक से अधिक समय के बाद पहली बार नवंबर 2019 में चेन्नई से जाफना की विमान सेवाएं दोबारा शुरू हुई थीं, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को बंद करने के कारण विमान सेवाएं बंद करनी पड़ी थीं। मार्च 2020 में ठीक चार महीने की सेवाओं के बाद चेन्नई से जाफना की सीधी विमान सेवाएं बंद हो गई थीं।।

कोरोना पर नियंत्रण के बाद उड़ानें फिर से शुरू हुईं, लेकिन जाफना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बंद ही रखा गया। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए केवल कोलंबो एयरपोर्ट खोला गया। यही श्रीलंका का प्राथमिक हवाई अड्डा भी है। अब भारत ने श्रीलंका से तमिलनाडु के बीच विमान लिंक को फिर से शुरू करने पर जोर दिया। इस मुद्दे पर बैठक इस साल की शुरुआत में ही हुई थी, लेकिन श्रीलंका की आर्थिक मंदी के मद्देनजर विमान सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं। श्रीलंका में आर्थिक संकट के दौरान भारत ने वित्तीय और अन्य सहायताएं भेजीं, साथ ही विमान सेवाएं शुरू करने की अपील की। हवाई संपर्क बहाल होने से श्रीलंका के उत्तरी प्रांत में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। ये इलाका लंबे गृहयुद्ध से प्रभावित रहा था। 2009 में सशस्त्र संघर्ष की समाप्ति के एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद, इस क्षेत्र में जनजीवन सामान्य होने की गति धीमी रही है।












Click it and Unblock the Notifications