और तेज हुई कोरोना की रफ्तार, बीते 24 घंटों में मिले 44,643 नए मामले
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में दिख रही तेजी ने तीसरी लहर के खतरे को बढ़ा दिया है।
नई दिल्ली, 6 अगस्त: कोरोना वायरस के मामलों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी ने महामारी की तीसरी लहर की आशंका को और ज्यादा बढ़ा दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के भीतर देशभर में कोरोना वायरस के 44,643 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 464 मरीजों की मौत हुई है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या, दैनिक मामलों के मुकाबले लगातार घट रही है और बीते एक दिन में 41,096 मरीज ही रिकवर हुए हैं।
Recommended Video

मरीजों की रिकवरी घटने की वजह से कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में भी इजाफा हुआ है और यह आंकड़ा बढ़कर 4,14,159 हो गया है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में चल रहे टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस वैक्सीन की कुल 49,53,27,595 डोज दी जा चुकी हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर लोगों ने कोविड प्रोटोकॉल में लापरवाही बरती तो महामारी की तीसरी लहर बहुत जल्द आएगी।
कोरोना के दैनिक मामलों में 50 फीसदी अकेले केरल से
आपको बता दें कि देश में इस समय कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले केरल में मिल रहे हैं। बाकी राज्यों में जहां कोरोना के दैनिक केस लगातार घट रहे हैं, वहीं केरल में रोज मिलने वाले मरीजों का आंकड़ा देश के कुल मामलों का 50 फीसदी है। केरल में इस हफ्ते तीसरे दिन कोरोना के 22 हजार से ज्यादा केस मिले हैं, जबकि तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में भी संक्रमण के मामलों में बढ़ोत्तरी के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
इन राज्यों के आंकड़ों ने भी बढ़ाई चिंता
गुरुवार को तमिलनाडु में कोरोना वायरस के 1997 नए केस मिले, जो बीते 18 जुलाई के बाद संक्रमण के मामलों की सबसे बड़ी संख्या है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी 43 दिन बाद गुरुवार को कोरोना वायरस के मामलों में इजाफा देखा गया। गुरुवार को यहां संक्रमण के 256 नए केस मिले। इसके अलावा पश्चिम बंगाल भी उन राज्यों में शामिल है, जहां कोरोना के मामलों में बढ़ोत्तरी दिख रही है। गुरुवार को पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 812 नए मामले रिकॉर्ड किए गए।












Click it and Unblock the Notifications