लगातार तीसरे दिन रिकवरी घटने से बढ़े कोरोना के एक्टिव केस, 24 घंटों में मिले 41649 नए मरीज
देश में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर से चिंता बढ़ा रहे हैं।
नई दिल्ली, 31 जुलाई: देश में कोरोना वायरस के आंकड़े एक बार फिर से डराने लगे हैं। लगातार तीसरे दिन कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या, दैनिक मामलों के मुकाबले कम हुई है। शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 41,649 नए मामले मिले हैं, जबकि 37,291 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं इस दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के कारण 593 लोगों की जान गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के बाद देश में अब कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 3,16,13,993 और रिकवर मरीजों की संख्या 3,07,81,263 हो गई है।
Recommended Video

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस के कारण अब तक 4,23,810 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, पिछले तीन दिनों के दौरान कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या घटी है, जिसके बाद एक्टिव केस बढ़कर 4,08,920 हो गए हैं। कोरोना वायरस के खिलाफ देशभर में टीकाकरण अभियान भी जारी है, जिसके तहत अभी तक वैक्सीन की कुल 46,15,18,479 डोज दी जा चुकी हैं।
केरल में सबस ज्यादा केस, भेजी गई एक्सपर्ट टीम
आपको बता दें कि इस समय कोरोना वायरस के मामले सबसे ज्यादा केरल में दर्ज हो रहे हैं। लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों को देखते हुए केंद्र सरकार ने हालात का जायजा लेने के लिए 6 सदस्यों की एक एक्सपर्ट टीम को भी केरल भेजा है। शुक्रवार को ही केरल में कोरोना वायरस के 20772 नए केस मिले, जबकि 14651 मरीज ठीक हुए। इसके अलावा 116 लोगों की मौत हुई।
'बढ़ता पॉजिटिविटी रेट सबसे बड़ी चिंता'
केरल भेजी गई मेडिकल एक्सपर्ट टीम के सदस्य और राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र के डायरेक्टर डॉ. एसके सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'केरल में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच हमारे सामने कई चुनौतियां हैं, जिनमें से पॉजिटिविटी रेट एक अहम चिंता है। देश में हर जगह मामले घट रहे हैं, लेकिन केरल में कोरोना का संक्रमण फैलना जारी है। राज्य सरकार के अधिकारियों साथ बातचीत कर हम देखते हैं कि हालात को कैसे काबू में लाया जाए।'












Click it and Unblock the Notifications