कोरोना के मामलों में दिखी कमी, बीते 24 घंटों में 30941 नए केस, 36275 मरीज ठीक
कोरोना वायरस के नए मामलों में मंगलवार को हल्की कमी दिखी, लेकिन तीसरी लहर का खतरा अभी भी बरकरार है।
नई दिल्ली, 31 अगस्त: देश में कोरोना वायरस महामारी की तीसरी लहर की आशंका के बीच संक्रमण के नए मामलों में हल्की गिरावट देखने को मिली है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आंकड़े जारी करते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के भीतर देश में 30941 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 36275 मरीज ठीक हुए हैं। इस दौरान कोरोना वायरस की वजह से 350 लोगों की मौत भी हुई है। इन नए आंकड़ों के साथ देश में कोरोना वायरस से ठीक होने वाली मरीजों की संख्या बढ़कर 4,38,560 और रिकवर मरीजों की संख्या 3,19,59,680 हो गई है।
Recommended Video

गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में जहां संक्रमण के नए मामलों की संख्या बढ़ी, वहीं रिकवर होने वाले मरीजों की संख्या में भी कमी आई है। हालांकि मंगलवार को कोरोना वायरस से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या, दैनिक मामलों के मुकाबले ज्यादा रही और एक्टिव केस घटकर 3,70,640 हो गए। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है, जिसमें अब तक वैक्सीन की कुल 64,05,28,644 डोज दी जा चुकी हैं।
केरल ने बढ़ाई चिंता, नहीं रुक रहा कोरोना का प्रकोप
इस बीच केरल में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामले ना केवल राज्य सरकार, बल्कि केंद्र सरकार के लिए भी एक बड़ी चिंता बने हुए हैं। देश के ज्यादातर राज्यों में संक्रमण का प्रकोप घट रहा है, लेकिन केरल में हालात एकदम विपरीत हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में बीते एक दिन में संक्रमण के जो 30,941 केस मिले हैं, उनमें से 19,622 केस अकेले केरल में रिकॉर्ड किए गए हैं। इसके अलावा 350 मौतों में से 132 मौतें भी केरल में ही हुई हैं।
टेस्टिंग को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी
राज्य में कोरोना से बिगड़ रहे हालात के बीच केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि महामारी से निपटने के लिए टेस्टिंग और टीकाकरण को लेकर एक नई गाइडलाइन जारी की गई है, जिसके तहत ज्यादा से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि संक्रमण फैलने के कारणों का पता लगाया जा सके। इसके अलावा सभी जिलों में रेंडम टेस्टिंग को भी बढ़ाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications