132 दिन बाद कोरोना के नए मामले 30 हजार से कम, एक्टिव केस भी घटकर 4 लाख से नीचे
कोरोना वायरस के मामलों में मंगलवार को एक बड़ी गिरावट देखने को मिली और नए केस 30 हजार से नीचे रिकॉर्ड किए गए।
नई दिल्ली, 27 जुलाई: पिछले कुछ दिनों के दौरान बढ़े कोरोना वायरस के मामलों में मंगलवार को एक बड़ी गिरावट देखने को मिली और नए केस 30 हजार से नीचे रिकॉर्ड किए गए। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 29,689 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 42,363 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं, इस दौरान 415 लोगों की जान कोरोना वायरस की वजह से गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में 132 दिन बाद इतनी बड़ी गिरावट आई है।
Recommended Video

वहीं, ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ने से कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में भी कमी आई है और यह आंकड़ा 4 लाख से नीचे 3,98,100 पर पहुंच गया है। कोरोना वायरस के एक्टिव मामलों में 124 दिन बाद यह गिरावट दिखी है स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देशभर में अभी तक कोरोना वायरस से 3,06,21,469 मरीज ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा देश के सभी राज्यों में टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है और अभी तक वैक्सीन की कुल 44,19,12,395 डोज दी जा चुकी हैं।
कोरोना का पॉजिटिविटी रेट घटकर हुआ 1.73 फीसदी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट भी कम हुआ है और फिलहाल 1.73 फीसदी है। इसके अलावा इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि देश में अभी तक कोरोना वायरस के कुल 45,91,64,121 सैंपल टेस्ट हो चुके हैं, जिनमें से 17,20,100 सैंपल टेस्ट बीते 24 घंटों के भीतर किए गए हैं।
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के मामलों में गिरावट के साथ ही कई राज्यो में अनलॉक की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को अनलॉक के तहत मेट्रो और बसें 100 फीसदी क्षमता के साथ चलीं। इसके साथ ही दिल्ली के चिड़ियाघर को भी 1 अगस्त से लोगों के लिए खोलने का फैसला लिया गया है। फिलहाल चिड़ियाघर दो शिफ्ट के तहत खुलेगा और टिकट की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी।












Click it and Unblock the Notifications