भारत ने मानवाधिकार के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र में PAK को घेरा, उठाया बलूचिस्तान का मुद्दा
नई दिल्ली। पाकिस्तान पर पलटवार करते हुए भारत ने संयुक्त राष्ट्र की ह्यूमन राइट काउंसिल (UNHRC) में बलूचिस्तान का मुद्दा उठाया है। भारत ने कहा कि पाकिस्तान ने बलूचिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में राजनीतिक और सैन्य गतिविधियों के जरिए मानवाधिकारों का उल्लंघन किया है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि और राजदूत अजीत कुमार ने बताया कि उन्होंने UNHRC में मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। और पाकिस्तान की ओर से गलत ढंग से कब्जाए गए हिस्से को खाली कराना बाकी है।
'खुद पर ध्यान दे पाकिस्तान तो बेहतर'
अजीत कुमार ने बताया कि उन्होंने सीमा पार भेजे जाने वाले आतंकवादियों की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि ये आतंकी भीड़ में शामिल हो जाते हैं, जिनसे निपटना काफी मुश्किल होता है। UNHRC के 33वें सेशन में भारत ने कहा कि पाकिस्तान के लिए यही बेहतर होगा कि वह अपने आंतरिक मुद्दों पर ध्यान दे और पाकिस्तान व पीओके में मानवाधिकारों के हनन पर रोक लगाए।
भारत ने ठुकराया था प्रस्ताव
भारत की ओर से यह प्रतिक्रिया तब आई है, जब भारतीय विदेश मंत्रालय ने हाल ही में मानवाधिकारों के मामलों पर संयुक्त राष्ट्र के हाई कमिश्नर के उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था जिसमें यूएन अधिकारियों की एक टीम को कश्मीर में जमीनी हालात जानने के लिए भेजने की बात कही गई थी।












Click it and Unblock the Notifications