COVID-19: भारत को विदेशों से मिले 6.9 लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन, जानिए और क्या-क्या मदद पहुंची?
नई दिल्ली, 26 मई। कोरोना वायरस की दूसरी लहर की बुरी तरह गिरफ्त में आए भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय बिरादरी ने भी अपना हाथ बढ़ाया है। पिछले 29 दिनों में भारत को अंतरराष्ट्रीय कोविड-19 राहत मेडिकल सप्लाई के रूप में विभिन्न देशों से 12 लाख फेविपिराविर टैबलेट्स और 6.9 लाख रेमडेसिविर इंजेक्शन की शीशियां मिल चुकी हैं। इसके साथ ही 27 अप्रैल से अब तक भारत में 17,755 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 16,301 ऑक्सीजन सिलिंडर, 19 ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, 13,449 वेंटिलेटर भी विदेशी सहायता के रूप में पहुंचे हैं।

इन दवाओं और मेडिकल उपकरणों को केंद्र सरकार द्वारा स्थापित चैनल के माध्यम से विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भेजा गया है।
हाल की बात करें तो 23 और 24 मई को अंतरराष्ट्रीय मदद के रूप में जो राहत सामग्री भारत पहुंची है उसमें सबसे बड़ी खेप संयुक्त अरब अमीरात, सिंगापुर, ओंटारियो (कनाडा), अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसपीएफ) और नेस्ले (स्विस इंडिया चैंबर ऑफ कॉमर्स) से थी। इस अंतरराष्ट्रीय राहत सहायता में 20 ऑक्सीजन कंसट्रेटर, 540 ऑक्सीजन सिलिंडर और 536 वेंटिलेटर शामिल थे।
राज्यों की सप्लाई की जा रही राहत सामग्री
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि प्राप्त मदद का राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को तत्काल प्रभावी आवंटन और सुव्यवस्थित तरीके वितरण किया जा रहा है।
मंत्रालय ने आगे कहा कि वह नियमित आधार पर इसकी व्यापक निगरानी कर रहा है और अनुदान, सहायता और दान के रूप में अंतरराष्ट्रीय सहयोग के रूप में विदेशों से आ रही कोविड राहत सामग्री की प्राप्ति और आवंटन के लिए विभाग ने कॉऑर्डिनेशन सेल बनाया है। इस सेल ने इसी साल 26 अप्रैल से काम करना शुरू किया था। प्राप्त राशि के आवंटन के लिए मंत्रालय से तैयार मानक संचालन प्रक्रिया को 2 मई से लागू किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications