कोरोना वायरस के 26 लाख मरीज अब तक ठीक, रिकवरी रेट बढ़कर हुआ 76.28 फीसदी
कोरोना वायरस के 60,177 मरीज पिछले 24 घंटों के दौरान ठीक हुए हैं।
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है और संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शुक्रवार को कोरोना वायरस के मामलों में अभी तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी देखने को मिली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक शुक्रवार को देश के अलग-अलग राज्यों में कोरोना वायरस के 77266 नए मरीज मिले और कुल केस बढ़कर 33 लाख के पार पहुंच गए। हालांकि राहत की बात ये है कि कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट भी लगातार बढ़ रहा है।
Recommended Video

पिछले 24 घंटों में 60,177 मरीज ठीक
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक कोरोना वायरस से संक्रमित करीब 26 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, जिनमें से 60,177 मरीज पिछले 24 घंटों के दौरान ठीक हुए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़कर 76.28 फीसदी हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इस समय देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों में एक्टिव केस केवल 21.90 फीसदी हैं।

वैक्सीन को लेकर रूस से बातचीत
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच एकमात्र उम्मीद की किरण वैक्सीन के रूप में नजर आ रही है। हाल ही में स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से बताया गया था कि रूस में रजिस्टर्ड हुई पहली कोरोना वायरस वैक्सीन SPUTNIK V को लेकर भारत ने रूस के साथ बातचीत की है। रूस ने भी इस संबंध में भारत के साथ वैक्सीन को लेकर शुरुआती जानकारी सांझा की है और फिलहाल विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है। विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद वैक्सीन को लेकर आगे की बातचीत की जाएगी। रूस ने बीते 11 अगस्त को मॉस्को के 'गैमलेया रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी' में तैयार की गई वैक्सीन SPUTNIK V को रजिस्टर्ड कराया था।

सीरम इंस्टीट्यूट की वैक्सीन फेस-2 और फेस-3 के ट्रायल में
वहीं, हमारे देश में भी कोरोना वायरस की वैक्सीन को लेकर अलग-अलग चरण के ट्रायल चल रहे हैं। आईसीएमआर के डायरेक्टर डॉ. बलराम भार्गव के मुताबिक, भारत में इस समय कोरोना वायरस के खिलाफ तीन वैक्सीन रेस में हैं। इनमें से सीरम इंस्टीट्यूट की वैक्सीन फेस-2(बी) और फेस-3 के ट्रायल में है। वहीं, भारत बायोटेक और जाइडस कैडिला की वैक्सीन पहले चरण का ट्रायल पूरा कर चुकी हैं। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया 18 से 60 साल के 1600 लोगों पर देश में 6 अलग-अलग जगहों पर वैक्सीन का ट्रायल करेगा। इनमें विशाखापट्टनम का आंध्र मेडिकल कॉलेज, मुंबई में सेठ जीएस मेडिकल कॉलेज और केईएम हॉस्पिटल, पुणे में बीजे मेडिकल कॉलेज और ससून जनरल हॉस्पिटल और दिल्ली का एम्स शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications