'NDA बैठक में शामिल होने वाली कुछ पार्टियां संपर्क में', INDIA की तीसरी बैठक से पहले कांग्रेस का बड़ा दावा
INDIA Alliance News: 'विपक्षी एकता' के नए गठबंधन INDIA की मुंबई में तीसरी और अहम महाबैठक होने जा रही है। दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक के लिए 31 अगस्त को 25-26 दलों के नेता मुंबई में एकजुट होंगे। इस बीच कुछ और राजनीतिक दलों के 'इंडिया' में शामिल होने की खबरों के बीच कांग्रेस नेता ने एनडीए को लेकर बड़ा दावा किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता आलोक शर्मा ने रविवार को दावा किया है कि एनडीए की बैठक में शामिल हुए 38 दलों में से 4 से 5 दल विपक्षी गठबंधन इंडिया के संपर्क में हैं। जिनमें से कुछ आने वाले दिनों में शामिल होंगे।

इसी के साथ आलोक शर्मा ने बताया कि इंडिया गठबंधन की तीसरी बैठक में कुछ बहुत अहम फैसले भी लिए जाएंगे, जो 1 सितंबर को मुंबई में होगी।
'4 से 5 राजनीतिक दल हमारे संपर्क में'
रविवार को मीडिया से बात करते हुए आलोक शर्मा ने दावा करते हुए कहा कि पीएम मोदी की तरफ से संबोधित किए गए एनडीए बैठक में भाग लेने वाले 38 दलों में से कम से कम 4 से 5 राजनीतिक दल INDIA गठबंधन के संपर्क में हैं। उनमें से कुछ के बहुत जल्द विपक्षी गुट में शामिल होने की उम्मीद है, जबकि कुछ (2024) चुनावों से पहले शामिल होंगे।
मालूम हो कि बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए की बैठक पिछले महीने दिल्ली में हुई थी और इसमें कम से कम 38 दलों ने हिस्सा लिया था। वहीं महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी को लेकर भी मीडिया को जवाब दिया।
महाराष्ट्र की स्थिति पर दिया गोलमोल जवाब
महाराष्ट्र में नेतृत्व के सवाल पर आलोक शर्मा ने कहा कि देश की मौजूदा हालातों को देखते हुए यह अहम नहीं है कि नेतृत्व कौन करेगा, बल्कि अहम यह है कि हम सब मिलकर, एक मजबूत ताकत के रूप में इस अहंकारी सरकार को कैसे हटा सकते हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में कोई भी नेतृत्व कर सकता है, लेकिन कांग्रेस देश को एकजुट करने के लिए सभी राज्यों में एक मजबूत ताकत के रूप में काम करेगी।












Click it and Unblock the Notifications