Independence Day 2020: आज से 'नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन' की शुरुआत, आएगी नई क्रांति: पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 74वें स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2020) के मौके पर एक बड़ी घोषणा करते हुआ कहा कि आज से देश में एक बहुत बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज से 'नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन' (National Digital Health Mission) की शुरुआत हो रही है। नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन, भारत के हेल्थ सेक्टर में नई क्रांति लेकर आएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस मिशन के तहत तकनीक के माध्यम से लोगों की परेशानियों को कम किया जाएगा।
Recommended Video

उन्होंने कहा, कोरोना के कालखंड में आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी सीख स्वास्थ्य क्षेत्र ने सिखाई है। जब कोरोना शुरू हुआ था तब हमारे देश में कोरोना टेस्टिंग के लिए सिर्फ एक लैब थी। आज देश में 1,400 से ज्यादा लैब हैं। आपके हर टेस्ट, हर बीमारी, आपको किस डॉक्टर ने कौन सी दवा दी, कब दी, आपकी रिपोर्ट्स क्या थीं, ये सारी जानकारी इसी एक हेल्थ आईडी में समाहित होंगी। नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन के माध्यम से लोगों को तमाम दिक्कतों से मुक्ति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, हमारे वैज्ञानिक कोरोना वैक्सीन के लिए जी-जान से जुटे हैं। आज भारत में कोरोना की तीन-तीन वैक्सीन्स इस समय टेस्टिंग के विभिन्न चरणों में हैं। जैसे ही वैज्ञानिकों से हरी झंडी मिलेगी, देश में उन वैक्सीन्स की बड़े पैमाने पर उत्पादन की भी तैयारी है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट में हमारे देश के लोगों ने बीड़ा उठाया और सिर्फ कुछ महीना पहले तक जहां N-95 मास्क, पीपीई किट, वेंटिलेटर, ये सब हम विदेशों से मंगाते थे। आज इन सभी में भारत, न सिर्फ अपनी जरूरतें खुद पूरी कर रहा है, बल्कि दूसरे देशों की मदद के लिए भी आगे आया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, आत्मनिर्भर भारत का मतलब सिर्फ इंपोर्ट को कम करना ही नहीं है, बल्कि हमारे सामर्थ्य के आधार पर अपने कौशल को बढ़ाना है, उस स्किल को आगे बढ़ाना भी है। आत्मनिर्भर भारत में कई चुनौतियां होंगी, लेकिन अगर ये चुनौतियां हैं तो देश के पास करोड़ों समाधान देने वाली शक्ति भी है।












Click it and Unblock the Notifications