आयकर विभाग ने रॉबर्ड वाड्रा को 42 करोड़ रुपए की संपत्ति के मामले में भेजा नोटिस
Recommended Video

नई दिल्ली। सोनिया गांधी के दामाद और प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ आयकर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आयकर विभाग ने रॉबर्ट वाड्रा को तकरीबन 42 करोड़ रुपए की अज्ञात संपत्ति के मामले में नोटिस भेजा है। जानकारी के अनुसार यह मामला स्काइलाइट हॉस्पिटैलिटी से जुड़ा हुआ है, जिसमे रॉबर्ट वाड्रा के पास 99 फीसदी मालिकाना हक है। ऐसे में आयकर विभाग के नोटिस के बाद वाड्रा की मुश्किल बढ़ सकती है।

आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार रॉबर्ड वाड्रा को 30 दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है। इससे पहले भी आयकर विभाग ने वाड्रा को नोटिस भेजकर जवाब मांगा था, लेकिन उस वक्त वाड्रा ने उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था, जिसमे कहा गया था कि हमारी कंपनी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बताया गया है, जबकि यह लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप कंपनी है। लेकिन इसके बाद एक बार फिर से आयकर विभाग ने उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
गौरतलब है कि वाड्रा के पास राजस्थान के बीकानेर में जमीन है, जिसपर प्रवर्तन निदेशालय ने अपना बोर्ड लगा दिया था, जिसके बाद इस जमीन को ईडी ने सीज कर दिया था। जिस इलाके में वाड्रा की यह जमीन है वहां के सरपंच का दावा है कि इस जमीन पर गलत तरीके से कब्जा किया गया है। गांव के सरपंज माघाराम मरोठिया ने बताया कि यह जमीन मेरी है लेकिन इसपर रॉबर्ट वाड्रा के सहयोगी जयप्रकाश बगरवारा ने फर्जी कागजों के आधार पर कब्जा कर लिया है।
सरपंच ने बताया कि जब प्रवर्तन निदेशालय ने इस जमीन पर अपना बोर्ड लगाया तो उस वक्त मैं वहां मौजूद नहीं था। इस बोर्ड पर जयप्रकाश का नाम दर्ज किया गया है। प्रवर्तन निदेशालय के बोर्ड पर साफ लिखा है कि इस जमीन पर अवैध प्रवेश वर्जित है।












Click it and Unblock the Notifications