न्यूजक्लिक और न्यूजलॉन्ड्री के दफ्तर पहुंची आयकर विभाग की टीम, कहा- रेड नहीं सर्वे के लिए आए
नई दिल्ली, 10 सितंबर: दो समाचार वेबसाइटों, न्यूजक्लिक और न्यूजलॉन्ड्री के दक्षिण दिल्ली स्थित दफ्तरों पर शुक्रवार को आयकर विभाग की टीम पहुंची है। हालांकि विभाग के अफसरों के हवाले से मीडिया में आई रिपोर्ट में आईटी डिपार्टमेंट की ओर से इसे सर्वे दौरा करार दिया गया है। विभाग ने कहा है दोनों संस्थानों पर रेड नहीं की गई है बल्कि सर्वे के लिए टीमें पहुंची हैं।

आयकर विभाग के लोगों ने छापेमारी को खारिज करते हुए कहा है कि यह सर्वे है ना कि छापा। सर्वे के लिए अधिकारी इन दोनों वेबसाइटों के दफ़्तरों पर गए हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि ये सर्वे टैक्स चोरी के आरोपों से जुड़े हैं, उन्होंने कहा कि दोनों पोर्टलों की अकाउंट बुक की जांच की जा रही है।
न्यूजलॉन्ड्री के एक कर्मचारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम आज करीब 11.30 बजे आए। ऑफिस में इन लोगों ने काम कर रहे कर्मचारियों को अपने सेल फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कहा और जांच वगैरह शुरू कर दी। शाम तक टीम पोर्टल के दफ्तर में ही बताई गई है।
न्यूजक्लिक पर पहले भी लगे हैं छापे
इसके पहले फरवरी में ईडी ने न्यूज़क्लिक और इसके संस्थापकों के यहां छापे मारे थे। कई घंटे तक तब ईडी अफसरों ने दफ्तर की तलाशी ली थी। बताया गया था कि वर्ल्डवाइड मीडिया होल्डिंग एलएलसी से 9.59 करोड़ रुपए का विदेशी निवेश लेने के मामले में ईडी ने ये छापेमारी की थी। हाल के महीनों में और भी कुछ मीडिया संस्थानों पर इस तरह की छापेमारी होती रही है।












Click it and Unblock the Notifications