चीनी मोबाइल कंपनियों पर आयकर की छापेमारी, टैक्स चोरी का आरोप
नई दिल्ली, 22 दिसंबर: भारत में काम कर रही चीनी मोबाइल कंपनियों के ठिकानों पर देश भर में आयकर विभाग ने बुधवार को छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक, चीनी मोबाइल फर्मों द्वारा कई कथित उल्लंघनों के सामने आने के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने दिल्ली- एनसीआर में कंपनी से जुड़े अधिकारियों के ठिकानों पर छापे मारे हैं। इन कंपनियों पर शेल कंपनी यानी फर्जी कंपनी बना कर आयकर चोरी करने का आरोप लगा है।

बुधवार को आयकर विभाग ने मोबाइल निर्माता कंपनी ओप्पो और शाओमी के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। मिली जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की टीम ने बुधवार सुबह करीब 9 बजे दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु समेत कई राज्यों में छापेमारी शुरू कर दी है। आयकर विभाग की टीम ने ओप्पो और शाओमी से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों, निदेशकों, सीएफओ और अन्य अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है।
सूत्रों के अनुसार, चीनी मोबाइल फोन फर्मों की कई विनिर्माण इकाइयों, कॉर्पोरेट कार्यालयों और गोदामों में तलाशी चल रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत सरकार पहले ही ओप्पो और वीवो जैसे स्मार्टफोन निर्माताओं को वितरण के लिए चीनी साझेदारों के साथ काम रोकने के लिए दबाव बना रही है। इससे पहले अगस्त में भी उसने चीनी नियंत्रण वाली ZTEके खिलाफ छापेमारी की थी।
हाल ही में, केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा मोबाइल फोन, ऋण आवेदन और परिवहन व्यवसाय में शामिल कई चीनी फर्मों पर छापा मारा गया है।ऐसी खबर सामने आ रही है कि इन चाइनीज कंपनियों पर शेल कंपनियों के जरिये टैक्स चोरी का आरोप लगा है, जिनकी विभाग जांच कर रहा है। भारत में चीनी मोबाइल निर्माताओं पर कार्रवाई ऐसे समय हो रही है, जब नेपाल सरकार ने मंगलवार को ही कई चीनी कंपनियों को ब्लैकलिस्ट कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications