देश के कई हिस्सों में भयानक लू के बीच, इस राज्य में भारी बारिश ने मचाई तबाही, भूस्खलन में कई हताहत
कुरुंग कुमे (अरुणाचल प्रदेश), 19 अप्रैल:देश का ज्यादातर हिस्सा इस समय भयानक लू की चपेट में है। तेलंगाना में तो बहुत ज्यादा गर्मी की चपेट में आकर एक व्यक्ति ने अदालत परिसर में ही दम तोड़ दिया है। लेकिन, देश का उत्तर-पूर्वी इलाका मानसून से पहले की भारी बारिश झेल रहा है। अरुणाचल प्रदेश में इसके चलते भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं, जिसमें अबतक कम से कम तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और राहत-बचाव का काम जारी है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए पूर्वोत्तर भारत में बारिश की स्थिति बरकरार रहने का अनुमान लगाया है।

अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, तीन शव मिले
देश के ज्यादातर हिस्से भले ही भयानक लू की कहर झेल रहे हों, लेकिन पुर्वोत्तर भारत में प्रकृति अजब ही लीला दिखा रही है। अधिकारियों के मुताबिक अकेले अरुणाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश की वजह से वहां के कुरुंग कुमे जिले में जबर्दस्त भूस्खलन हुआ है, जिसमें कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई है। कुरुंग कुमे जिले के उपायुक्त बेंगिया निघी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया है कि यह घटना 17 अप्रैल की रात जिले के सुलुंग तापिंग गांव में हुई है। उन्होंने कहा है, 'हमने अभी तक तीन शव बरामद किए हैं। हमारा सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। वैसे इस घटना में एक व्यक्ति जख्मी भी हुआ है और एक पूरी तरह से सुरक्षित बच निकला है।'

कई और जगह भूस्खलन की सूचना
बेंगिया निघी ने कहा है कि भारी और लगातार बारिश होने की वजह से जिले में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है, जिसके चलते सड़क संपर्क और बिलजी आपूर्ति बाधित हुए हैं। उन्होंने कहा, 'कोलोरियांग इलाके में कम से कम 15 घरों को नुकसान पहुंचा है, जो कि कुरुंग कुमे जिले का मुख्यालय है। हम जिले के दूसरे हिस्सों से भी हुई क्षति के आंकड़े जुटा रहे हैं।'

23 अप्रैल तक बारिश होने का अनुमान
दरअसल, पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूर्व की बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक यूं ही भारी बारिश होते रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्वी भारत की ओर चलने वाली तेज हवाएं बताई जा रही हैं। मौसम विभाग के भविष्यवाणी के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र और सिक्किम में शनिवार यानी 23 अप्रैल तक व्यापक बारिश के साथ-साथ गरज के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इस दौरान असम और मेघालय में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। (दूसरी और तीसरी तस्वीर-प्रतीकात्मक)

कुछ राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट
इन पूर्वानुमानों के आधार पर आईएमडी ने असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, ताकि लोग भारी बारिश और बिजली गिरने जैसी घटनाओं के लिए पहले से तैयार रहें। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, ताकि लोग बारिश को लेकर सचेत रहें। बुधवार से शनिवार तक के लिए असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के लिए अलर्ट को कम करके येलो कर दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश ने काफी नुकसान पहुंचाया है। असम में तो रोंगाली बिहू का त्योहार भी इसके चलते प्रभावित हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications