CAA के समर्थन में पश्चिम बंगाल की इन महशूर हस्तियों ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी
कोलकाता। नागरिकता संशोधन कानून का कई राज्यों में विरोध हो रहा है तो वहीं, अब इसके समर्थन में भी लोग आने लगे हैं। पिछले दिनों बीजेपी की तरफ से इसे लेकर एक मिस्ड कॉल नंबर भी जारी किया गया था, जिस पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह ने एक रैली में कहा कि CAA के समर्थन में अभी तक 68 लाख मिस्ड कॉल आ चुकी है। वहीं, नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में पश्चिम बंगाल की मशहूर हस्तियों ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।

नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में पीएम मोदी को लिखे खत में कला, साहित्य, राजनीति, सिनेमा और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े नामी लोगों के हस्ताक्षर हैं। बता दें कि नागरकिता संशोधन कानून में तीन पड़ोसी देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, जैन, बौद्ध, सिख, पारसी और ईसाई समुदाय के शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने का प्रावधान है।
इस पत्र पर फिल्म जगत से अंजना बसु, अनिद्य पलक बनर्जी, सौरभ चक्रवर्ती, मौसमी चक्रवर्ती, मिलन भौमिक, गौरी शंकर और गोपा डे ने हस्ताक्षर किए हैं। जबकि शिक्षा क्षेत्र से राजेश वेणुगोपाल, अरिंदम चक्रवर्ती, सुमंत्रा मैत्रि ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल के लोग नागरिकता संशोधन कानून लागू करने के लिए केंद्र के आभारी हैं। बंटवारे के वक्त से ही बंगाली समुदाय पीड़ा के दौर से गुजर रहा था, दशकों से चली आ रही इस पीड़ा को खत्म करने के लिए आभार।
पत्र में आगे लिखा गया है कि इतिहास गवाह है कि बंगाल के लोगों ने किस कदर बंटवारे के बाद पीड़ा झेली है। बंगाल जैसा कष्ट शायद ही किसी राज्य ने झेला है। पत्र में पीएम मोदी की तारीफ करते हुए इन्होंने लिखा है कि लंबे अरसे से चली आ रही इस समस्या को खत्म कर आपने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की राह चुनी है। इस कानून ने आपने बंगाल के लोगों का दिल जीता है। इन हस्तियों ने कहा है कि वे भाग्यशाली हैं कि हमारा नेतृत्व पीएम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications