हरियाणा में 2022 तो वहीं ओडिशा में 2024 तक हर ग्रामीण परिवार के घरों में होगा नल कनेक्शन
नई दिल्ली, अप्रैल 14। हरियाणा और ओडिशा जैसे कई राज्यों की सरकारें 2022 तक ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल कनेक्शन प्रदान करवाने की योजना पर काम कर रही हैं। जहां हरियाणा की योजना का सवाल है तो 1 नवंबर 2022 तक सभी ग्रामीण परिवारों के घर नल का जल कनेक्शन उपलब्ध हो सके तो वहीं ओडिशा ने इसके लिए 2024 तक का लक्ष्य रखा है। इस बारे में जल शक्ति मंत्रालय ने जानकारी दी है।

जीवन जल मिशन के तहत रखा लक्ष्य
यह योजना भारत के 38% ग्रामीण आबादी के लिए जारी जीवन जल मिशन (JJM) के अंतर्गत आता है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2019 में की गई थी। इस मिशन के तहत अब तक 21.4% परिवारों को नल के कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। जल शक्ति मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'प्रस्तुति के दौरान, हरियाणा राज्य ने JJM लक्ष्य को 1 नवंबर 2022 तक यानि हरियाणा दिवस तक हासिल करने का दावा किया है। हरियाणा ने राष्ट्रीय समय सीमा से काफी पहले ही इसे मिशन को पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, ओडिशा ने 2024 तक 100% संतृप्ति की योजना बनाई है।'
योजना के अंतर्गत अब तक चार करोड़ घरों में लगवाए गए नल के कनेक्शन
आपको बता दें कि इस योजना का उद्देश्य 2024 तक सभी ग्रामीण घरों में नल जल आपूर्ति (हर घर जल) सुनिश्चित करना है। 15 अगस्त, 2019 को इस योजना की घोषणा के बाद से चार करोड़ घरों में नल का कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। हरियाणा और ओडिशा के अलावा सिक्किम और त्रिपुरा सहित कई अन्य राज्यों ने भी 2024 से पहले सभी ग्रामीण परिवारों को नल के कनेक्शन प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
2021-22 में 4.09 लाख नल कनेक्शन लगवाएगी हरियाणा सरकार
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, 'हरियाणा में 31.03 लाख ग्रामीण परिवार हैं, जिनमें से 26.93 लाख (86.8%) ग्रामीण परिवारों को 31 मार्च 2021 तक नल कनेक्शन दिए गए हैं। 2021-22 में, राज्य में 4.09 लाख नल कनेक्शन देने की योजना है।' वहीं, ओडिशा में 85.66 लाख ग्रामीण परिवार हैं, जिनमें से 23.25 लाख घरों में अब तक नल कनेक्शन लगवाए जा चुके हैं। यानी अब 27.15% ग्रामीण आबादी को नलों से पानी मिलता है। यहां बता दें कि 15 अगस्त 2019 को जब जल जीवन मिशन शुरू हुआ था, तब ओडिशा में केवल 3.63% लोगों के पास ही नल के पानी की सुविधा थी।












Click it and Unblock the Notifications