एक विवाह ऐसा भी! IAS माधव भारद्वाज और अदिति वासने की शादी की क्यों हो रही चर्चा, कौन हैं ये वायरल कपल
IAS Madhav bhardwaj IAS Aditi Vasne Love Story: आज जब शादियां करोड़ों के बजट, डेस्टिनेशन वेडिंग और सोशल मीडिया शो के कारण सुर्खियों में रहती हैं, उसी दौर में दो युवा आईएएस अधिकारियों ने सादगी से शादी कर सबका ध्यान खींच लिया है।
साल 2023 बैच के आईएएस अधिकारी माधव भारद्वाज और अदिति वासने ने राजस्थान के अलवर में मिनी सचिवालय को ही अपने विवाह का साक्षी बना दिया। न बैंड था, न ढोल, न लंबी गेस्ट लिस्ट। सिर्फ परिवार और कुछ प्रशासनिक अधिकारी। यही सादगी अब इस शादी को वायरल बना रही है।

IAS Love Story: मसूरी की पहाड़ियों से शुरू हुई माधव और अदिति कहानी
माधव और अदिति की मुलाकात आईएएस प्रशिक्षण के दौरान मसूरी में हुई। एक ही बैच, एक जैसा लक्ष्य और देशसेवा का साझा सपना। बातचीत पढ़ाई से शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई। प्रशासनिक चुनौतियों पर चर्चा करते-करते दोनों के बीच भरोसा और समझ की नींव मजबूत होती गई। समय के साथ यह रिश्ता जीवनसाथी बनने के फैसले तक पहुंच गया।
जब माधव और अदिति ने अपने परिवारों को इस बारे में बताया तो दोनों पक्षों की सहमति मिल गई। व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों के कारण उन्होंने पहले विवाह पंजीकरण कराने का निर्णय लिया और बाद में पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी करने की योजना बनाई।

मिनी सचिवालय में रजिस्टर हुई शादी
अलवर के मिनी सचिवालय में जिला कलेक्टर अर्पिता शुक्ला की मौजूदगी में माधव और अदिति ने विवाह पंजीकरण कराया। जिस जगह रोज प्रशासनिक फैसले लिए जाते हैं, वहीं दो अधिकारियों ने अपने निजी जीवन का सबसे अहम फैसला दर्ज कराया। माहौल औपचारिक जरूर था, लेकिन उसमें अपनापन साफ दिख रहा था। समारोह में केवल माता-पिता, भाई-बहन और कुछ करीबी लोग शामिल रहे।
यह शादी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यहां दिखावे की जगह प्रतिबद्धता को महत्व दिया गया। पहले कोर्ट मैरिज और बाद में शुभ मुहूर्त में मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से फेरे लेने का फैसला उनकी संतुलित सोच को दिखाता है।

कौन हैं माधव भारद्वाज (Who is IAS Madhav bhardwaj)
माधव भारद्वाज मूल रूप से मसूरी निवासी राजकुमार भारद्वाज के बेटे हैं। उन्होंने NIT प्रयागराज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक किया और IIM अहमदाबाद से एमबीए की पढ़ाई पूरी की। माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी कंपनी में लाखों के पैकेज पर काम करने के बावजूद उन्होंने देशसेवा को चुना। पहले ही प्रयास में यूपीएससी पास कर वे आईएएस बने और राजस्थान कैडर मिला। फिलहाल वे अलवर में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।
कौन हैं अदिति वासने (IAS Aditi Vasne)
अदिति वासने उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए ऑनर्स करने के बाद उन्होंने सीधे सिविल सेवा परीक्षा दी और पहले ही प्रयास में 57वीं रैंक हासिल कर सबको चौंका दिया। उन्हें गुजरात कैडर मिला और वर्तमान में वे जामनगर में एसडीएम के रूप में कार्यरत हैं। वे अपने बैच की मेधावी अधिकारियों में गिनी जाती हैं।
क्यों हो रही है शादी की चर्चा?
सोशल मीडिया पर इस शादी को लेकर खासा उत्साह है। लोग इसे सादगी और संतुलित सोच की मिसाल बता रहे हैं। बरेली के अवध प्रकाश जैसे कई यूजर्स ने लिखा कि विवाह का अर्थ दिखावा नहीं, बल्कि दो परिवारों का मिलन है। डिजिटल दौर में जहां हर आयोजन को भव्यता से प्रस्तुत किया जाता है, वहां यह शांत और सादगी भरी शादी अलग पहचान बना रही है।
माधव और अदिति की यह ऑफिस मैरिज सिर्फ उनकी निजी खुशी नहीं, बल्कि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो जीवन में सादगी और संतुलन को महत्व देते हैं। यही वजह है कि यह आईएएस लव स्टोरी इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications