Hyderabad Rain Alert: भारी बारिश से मूसी नदी का विकराल रुप, शहर के कई इलाकों में भरा पानी, कैसे हैं हालात?
Hyderabad Heavy Rain: हैदराबाद में शनिवार, 27 सितंबर को हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मूसलाधार बारिश के बाद शहर की जीवनरेखा मानी जाने वाली मूसी नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब अधिकारियों ने हैदराबाद के जुड़वां जलाशयों-हिमायतसागर और उस्मानसागर-के गेट खोल दिए। इसके चलते नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और चादरघाट पुल के पास नदी उफान पर आ गई।

Musi River Flooding: बारिश से मूसी नदी उफान पर
तेज़ बारिश और मूसी नदी के उफान से हैदराबाद समेत तेलंगाना के कई हिस्सों में निचले इलाकों में पानी घुस गया। अधिकारियों ने एहतियातन लगभग 1000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और उन्हें राहत शिविरों में ठहराया। यहाँ प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और जरूरी सामान की व्यवस्था की गई है। कई घर पानी में डूब गए, वहीं रंगारेड्डी जिले की मीरपेट नगर निगम सीमा के मिथिला नगर कॉलोनी समेत कई कॉलोनियों में घुटनों तक पानी भर गया।
मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हालात पर गहरी चिंता जताई और अधिकारियों से लगातार स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी किनारे और निचले इलाकों में रह रहे सभी लोगों को तुरंत राहत शिविरों में शिफ्ट किया जाए ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और प्रशासन को जनता की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को तेलंगाना के कई जिलों में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफ़ान की चेतावनी जारी की है।
शहर का ट्रैफिक कंट्रोल बिगड़ा
मूसी नदी के तेज बहाव को देखते हुए पुलिस ने एहतियात के तौर पर चादरघाट पुल के पास का रास्ता बंद कर दिया। इससे इलाके में भारी जाम लग गया और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि जिन सड़कों पर जलभराव हुआ है, वहाँ वाहन चलाने पर रोक लगाई जाए ताकि जनहानि की संभावना न रहे।
बारिश और बाढ़ का असर हैदराबाद के महात्मा गांधी बस स्टेशन (एमजीबीएस) पर भी देखने को मिला। नदी का पानी बस अड्डे परिसर में घुस गया जिससे बस सेवाएँ बाधित हो गईं। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया।
तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) के प्रबंध निदेशक वी. सी. सज्जनार ने जानकारी दी कि एमजीबीएस से चलने वाली बसों का संचालन अब शहर के अन्य इलाकों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "मूसी नदी में भारी बाढ़ के कारण एमजीबीएस परिसर में पानी घुस आया है। इसलिए अस्थायी रूप से बस संचालन बंद करना पड़ा है। बसें अब अलग-अलग स्थानों से चलाई जा रही हैं।"
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ आपदा प्रबंधन टीमें भी लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं। राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चल रहे हैं और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।












Click it and Unblock the Notifications