Humayun Kabir अब नए विवाद में फंसे, कांस्टेबल से मारपीट के आरोप में पुलिस ने बेटे को लिया हिरासत में
Humayun Kabir News: टीएमसी से निकाले जाने के बाद अपनी नई पार्टी बनाने वाले हुमायूं कबीर नए विवाद में फंस गए हैं। मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनाने का दावा करने वाले टीएमसी के निलंबित विधायक ने हाल ही में अपनी पार्टी बनाई है। उनके बेटे रॉबिन को पुलिस ने कांस्टेबल के साथ मारपीट के आरोप में अरेस्ट किया है। गुलाम नबी आजाद उर्फ रॉबिन पर अपने ही बॉडीगार्ड, एक पुलिस कांस्टेबल के साथ मारपीट करने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद विधायक हुमायूं कबीर ने पुलिस को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी है। पुलिस की कार्रवाई की वजह से भरतपुर विधायक हुमायूं कबीर के शक्तिनगर स्थित आवास पर भारी संख्या में समर्थक जुट गए हैं। समर्थकों के जुटान की वजह से हंगामे का माहौल बन गया है।

Humayun Kabir के घर से बेटे को पुलिस ने उठाया
- अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह से ही शक्तिनगर थाना पुलिस ने उनके घर को घेर लिया था। हाई प्रोफाइल मामला होने की वजह से पुलिस सतर्क थी। घर से ही पुलिस ने रॉबिन को हिरासत में लिया।
- मुर्शिदाबाद पुलिस के मुताबिक, हुमायूं कबीर के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) कांस्टेबल जुम्मा खान ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि जब उन्होंने छुट्टी मांगी, तो विधायक के बेटे रॉबिन ने उनके साथ मारपीट की।
- यह घटना हुमायूं कबीर के शक्तिपुर स्थित ऑफिस में हुई थी। पुलिस का कहना है कि इस घटना के वक्त कई लोग मौजूद थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंची और रॉबिन को हिरासत में ले लिया।
Humayun Kabir ने लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, बेटे की गिरफ्तारी के बाद हुमायूं कबीर ने पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की थी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके घर के आसपास गलत हरकत की गई तो पुलिस को अंजाम भुगतना पड़ेगा। हुमायूं कबीर ने बेटे की गिरफ्तारी पर कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी बनाई है और उनके समर्थकों का उत्साह देख कुछ लोग परेशान हैं। राजनीतिक साजिश के तहत उनके बेटे को फंसाया जा रहा है और उन पर दबाव बनाने की कोशिश हो रही है।
TMC प्रवक्ता बोले, 'पुलिस कार्रवाई नियमों के मुताबिक'
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता अरूप चक्रवर्ती ने कहा कि हुमायूं कबीर ने खुद स्वीकार किया है कि उन्होंने सुरक्षाकर्मी पर हाथ उठाया था। उन्होंने कहा, 'कानून अपना काम कर रहा है। यह कार्रवाई नियमों के मुताबिक हुई है।' बता दें कि हुमायूं कबीर TMC छोड़कर नई पार्टी बना चुके हैं, जबकि उनके बेटे रॉबिन अभी भी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। रॉबिन बेलडांगा-2 पंचायत समिति में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं।












Click it and Unblock the Notifications