'पाकिस्तानी जासूस' ज्योति मल्होत्रा ने कैसे पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर तक बनाए कनेक्शन, हैरान कर देगा खुलासा
YouTuber Travel vlogger Jyoti Malhotra: हरियाणा की रहने वाली यूट्यूबर और ट्रैवल व्लॉगर ज्योति मल्होत्रा गिरफ्तारी ने पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी ISI के एक बड़े मॉड्यूल से जुड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है। इसको लेकर अब कई खुलासे हो रहे हैं। अब ये खुलासा हुआ कि कैसे ज्योति मल्होत्रा भारत में जासूसी नेटवर्क चलाने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर रही थी।
जांच से यह भी पता चला है कि ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर तक अपने कनेक्शन बनाए हैं, ये एक ऐसा क्षेत्र जो आतंकवादी गतिविधियों के लिए जाना जाता है। इसे आप 'आतंकवाद का गढ़' (टेरर हब) भी कह सकते हैं। ये एक ऐसा इलाका है, जहां आम नागरिकों की पहुंच भी प्रतिबंधित है।

ज्योति सबसे पहले 2023 में पाकिस्तान गई थी फिर 2024 में वो पाकिस्तान गई। ज्योति नई दिल्ली में स्थित पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के संपर्क में थीं। इसी ने पाकिस्तान में ISI के साथ कॉन्टैक्ट बनाने में उसकी मदद की थी। अब ये सामने आया है कि ज्योति ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा तक संपर्क स्थापित कर लिया था।

ISI मॉड्यूल ने भारत के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को प्लानिंग के तहत भर्ती किया
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक जांच में पाया गया है कि ISI मॉड्यूल ने रणनीतिक रूप सेभारत के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को भर्ती की, उन्होंने वैसे लोगो को अपने काम के लिए चुना, जिनका सोशल मीडिया पर बहुत प्रभाव है।
खुफिया जानकारी जुटाने के अलावा उन्हें कथित तौर पर पाकिस्तान की सकारात्मक छवि को बढ़ावा देने का काम भी सौंपा गया था। ज्योति मल्होत्रा के यूट्यूब पर करीब 4 लाख सब्सक्राइबर हैं और इंस्टाग्राम पर 1,32,000 फॉलोअर्स हैं। उनके कई वीडियो को देखकर आप समझ जाएंगे कि वो कैसे पाकिस्तान की छवि को बेहतर दिखाने की कोशिश कर रही थी।

अब तक की पूछताछ में ज्योति मल्होत्रा ने क्या-क्या बताया?
ज्योति मल्होत्रा फिलहाल पांच दिनों की पुलिस हिरासत में है और NIA, IB और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम उससे पूछताछ कर रही है। ज्योति मल्होत्रा पूछताछ के दौरान टालमटोल कर रही है और जांच को गुमराह करने की भी कोशिश कर रही है।
शुरू में ज्योति मल्होत्रा ने पाकिस्तानी दूतावास के अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश के साथ अपने पर्सनल (व्यक्तिगत) रिलेशन से इनकार किया था। लेकिन अब उसने इस बात को कबूल लिया है कि दानिश के साथ उसके संबंध थे। दानिश को पहलगाम हमले के बाद तनाव के बीच 13 मई को भारत ने निष्कासित कर दिया था।
ज्योति मल्होत्रा के मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि उसने दानिश के साथ दो चैट भी डिलीट कर दी हैं। जांच करने वाली टीम को शक है कि इन चैट में पाकिस्तानी एजेंटों से उसे मिली गोपनीय जानकारी और निर्देश शामिल हो सकते हैं। उसके मोबाइल फोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

ज्योति मल्होत्रा के चीन, बांग्लादेश के ट्रैवल की भी की जा रही है जांच
जांच अधिकारी पाकिस्तान की यात्रा के बाद ज्योति मल्होत्रा के चीन और बांग्लादेश की यात्राओं की भी जांच कर रहे हैं। ज्योति मल्होत्रा ने पहली बार अप्रैल 2023 में बैसाखी उत्सव में भाग लेने के बहाने पाकिस्तान का दौरा किया था। वह 2024 में फिर से और इस साल मार्च 2025 में तीसरी बार देश का दौरा किया।
खासकर ज्योति के 2024 में उसकी चीन यात्रा की जांच की जा रही है। पाकिस्तान से लौटने के कुछ दिनों बाद वह चीन गई थी। अधिकारी अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या चीन यात्रा की व्यवस्था पाकिस्तान में रहने के दौरान की गई थी। दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग में शूट किए गए उनके एक वीडियो में, वह चीनी अधिकारियों से वीजा मांगती हुई दिखाई दे रही हैं।
ज्योति मल्होत्रा के निजी डायरी से भी खुले कई राज
ज्योति मल्होत्रा का निजी डायरी भी जांच के दायरे में है। इस डायरी में पाकिस्तान की उनकी यात्राओं के बारे में कम से कम 11 पेज ((अंग्रेजी में आठ और हिंदी में तीन) लिखे गए है। सूत्रों ने कहा कि जब भी वह पाकिस्तान जाती थी तो अपने पिता को कहती थी कि वह दिल्ली जा रही हैं।
सूत्रों ने बताया कि मल्होत्रा पाकिस्तान जाती थीं और वहां सेना के जवानों से मिलती थीं। उनकी डायरी के एक पन्ने में लिखा है, ''पाकिस्तान में 10 दिन की यात्रा पूरी करने के बाद, मैं अब अपने देश लौट आई हूं। इस यात्रा के दौरान, मुझे पाकिस्तान के लोगों से बहुत प्यार मिला... कौन जानता है कि सीमाओं के पार ये दूरियां कब तक रहेंगी, लेकिन दिलों की शिकायतें दूर होनी चाहिए। हम सभी एक ही धरती और एक ही मिट्टी के हैं।''
उनकी डायरी में एक पन्ना ऐसा भी है, जिसमें लिखा गया है कि कैसे पाकिस्तान ने भारतीयों के लिए गुरुद्वारों और मंदिरों तक पहुंच खोल दी है। उसने लिखा है, 'वे मंदिरों को संरक्षित कर रहे हैं, और अब 1947 के विभाजन के दौरान अलग हुए परिवार फिर से मिल सकते हैं।'
ज्योति मल्होत्रा पर किन धाराओं में दर्ज किया गया केस?
ज्योति मल्होत्रा पर आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम-1923 (ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट-1923) की धारा 3, 4 और 5 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications