इस्तीफा देकर पंजाब में फिर हलचल मचाने वाले सिद्धू हैं कितनी प्रॉपर्टी के मालिक, जानिए
नवजोत सिंह सिद्धू को घड़ियों का काफी शौक है और उनके पास करीब 44 लाख रुपए की घड़ियां हैं।
नई दिल्ली: पंजाब में हाल ही में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद नवजोत सिंह सिद्धू के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने से एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कुछ फैसलों को लेकर सिद्धू की नाराजगी है। वहीं, खबर यह भी है कि कांग्रेस ने अब सिद्धू को मनाने के बजाय नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश शुरू कर दी है। ऐसे में आइए जानते हैं कि पंजाब से लेकर दिल्ली तक सियासी तूफान उठाने वाले नवजोत सिंह सिद्धू कितनी प्रॉपर्टी के मालिक हैं?
Recommended Video

सिद्धू के पास हैं 44 लाख रुपए की घड़ियां
नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब की अमृतसर ईस्ट विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक हैं। 2017 में चुनाव आयोग को दिए उनके शपथ-पत्र के मुताबिक, नवजोत सिंह सिद्धू के पास करीब 45 करोड़ 90 लाख रुपए की संपत्ति है। सिद्धू को घड़ियों का काफी शौक है और उनके पास करीब 44 लाख रुपए की घड़ियां हैं। इसके अलावा उनकी संपत्ति में 51 लाख रुपए से ज्यादा की ज्वैलरी है, जिसमें से 36 लाख रुपए के गहने उनकी पत्नी के नाम पर हैं।

चार लग्जरी गाड़ियों के मालिक हैं सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू के पास चार लग्जरी गाड़ियां हैं। इनमें दो लैंड क्रूजर, एक मिनी कूपर और एक फॉर्च्यूनर गाड़ी शामिल है। हालांकि उनकी पत्नी के नाम पर कोई गाड़ी नहीं है। इनके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी पत्नी के पास 6 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमर्शियल बिल्डिंग्स हैं। नवजोत सिंह सिद्धू की 45 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति में से 10 करोड़ की सपंत्ति उनकी पत्नी के नाम पर है।

सिद्धू के परिवार में कौन कौन हैं?
क्रिकेट की पिच से सियासत के मैदान में उतरे नवजोत सिंह सिद्धू के परिवार में उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू, एक बेटी राबिया सिद्धू और एक बेटा करण सिद्धू है। उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू पेशे से डॉक्टर हैं और 2012 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर अमृतसर ईस्ट सीट से विधायक का चुनाव जीत चुकी हैं। वहीं, सिद्धू की बेटी राबिया एक मॉडल हैं और जल्द ही फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाने वाली हैं।

जब पुलवामा पर सिद्धू के बयान से मचा बवाल
नवजोत सिंह सिद्धू अक्सर अपने ट्वीट और बयानों को लेकर विवादों में भी रहते हैं। ऐसा ही उस वक्त हुआ, जब जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमला हुआ और पूरे देश में गुस्से का माहौल था। हर तरफ से बस एक ही आवाज उठ रही थी कि पाकिस्तान से इस कायराना हमले का बदला लिया जाए। ऐसे माहौल में नवजोत सिंह सिद्धू के एक ट्वीट ने बवाल मचा दिया। दरअसल पुलवामा हमले के बाद सिद्धू ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि यह हमला एक कायरतापूर्ण कार्य है, लेकिन कुछ बुरे लोगों की वजह से पूरे देश को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। ऐसी हिंसा बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और इस हमले के लिए जो भी दोषी हैं, उन्हें कड़ी सजा मिले। नवजोत सिंह सिद्धू के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोल किया गया।

टेंशन में क्यों हैं कांग्रेस के नेता
आपको बता दें कि 2022 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव में महज कुछ महीनों का ही वक्त बचा है। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन से पंजाब के सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं और लंबे समय तक भाजपा के साथ चुनाव लड़ता आ रहा शिरोमणि अकाली दल इस बार बीएसपी के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में है। वहीं, दिल्ली में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी ने भी पंजाब चुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंकी हुई है। ऐसे में नवजोत सिंह सिद्धू की खींचतान कांग्रेस के लिए एक टेंशन बन गई है।
ये भी पढ़ें- बेटे को करोड़ों की कार गिफ्ट करने की खबरों पर Sonu Sood ने तोड़ी चुप्पी, बताया पूरा सच











Click it and Unblock the Notifications